क्रिकेट

बांग्लादेश चला पाकिस्तान की राह; टी20 विश्व कप के लिए टीम भारत नहीं भेजने का किया फैसला, आईसीसी से की वेन्यू बदलने की मांग

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत और श्रीलंका की साझा मेजबानी में आयोजित होने जा रहे आगामी टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया है। बीसीबी ने आईसीसी से अपने मैचों को श्रीलंका ट्रांसफर करने को कहा है।

Image

बांग्लादेश क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCB X)

ढाका: भारत के साथ बिगड़ते राजनीतिक संबंधों के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की साझा मेजबानी में आयोजित होने जा रहे टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया है। बीसीबी ने यह फैसला रविवार को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की इमरजेंसी मीटिंग के बाद किया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से वेन्यू बदलकर श्रीलंका स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। पाकिस्तान की टीम भी भारत में अपने मैच नहीं खेलेगी। ऐसे में पहले से ही उसके सभी मैच श्रीलंका में आयोजित किए जाएंगे।

टी20 विश्व कप के लिए बांग्लादेश नहीं आएगा भारत

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की रविवार दोपहर आयोजित इमरजेंसी मीटिंग में आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में भारत में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं का पूरी तरह से आकलन करने और बांग्लादेश सरकार की सलाह पर विचार करने के बाद, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने फैसला किया कि बांग्लादेश नेशनल टीम मौजूदा हालात में टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं जाएगी।

Bangladesh Cricket

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी प्रेस रिलीज

वेन्यू बदलने की आधिकारिक तौर पर की मांग

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, 'बीसीबी ने इवेंट अथॉरिटी के तौर पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से औपचारिक रूप से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के सभी मैचों को भारत के बाहर किसी दूसरी जगह शिफ्ट करने पर विचार किया जाए। बोर्ड का मानना है कि यह कदम बांग्लादेशी खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और अन्य स्टेकहोल्डर्स की सुरक्षा और भलाई की रक्षा के लिए और यह सुनिश्चित करने के लिए ज़रूरी है कि टीम एक सुरक्षित और उचित माहौल में टूर्नामेंट में हिस्सा ले सके। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि ICC इस स्थिति को समझेगा और इस मामले पर जल्द से जल्द जवाब देगा।'

रहमान को केकेआर से रिलीज किए जाने के बाद किया फैसला

बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला तेज गेंदबाज मु्स्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बीसीसीआई के निर्देश के बाद टीम से रिलीज किए जाने के बाद किया है। शाहरुख खान के मलिकाना हक वाली केकेआर ने 16 दिसंबर को हुई नीलामी में रहमान को 9.2 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था। मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर की टीम में शामिल किए जाने की वजह से टीम की बहुत आलोचना हो रही थी। बांग्लादेश में हिंदुओं और धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ हो रही हिंसा की वजह से केकेआर मैनेजमेंट को लोग निशाना बना रहे थे। ऐसे में बीसीसीआई ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए केकेआर को रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया।

आसिफ नजरूल ने किया बीसीबी के निर्णय का स्वागत

बांग्लादेश के खेल सलाहकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के इस निर्णय की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक आसिफ नजरूल ने बीसीबी के निर्णय पर कहा, बांग्लादेश वर्ल्ड कप में खेलने के लिए भारत नहीं जाएगा। बांग्लादेश ने आज ये फैसला किया है। मैं इस निर्णय का स्वागत करता हूं।

मैच श्रीलंका ट्रांसफर करने का किया आईसीसी से अनुरोध

रिपोर्ट के मुताबिक बीसीबी ने आईसीसी से कहा है कि टी20 विश्व कप 2026 में भारत में आयोजित होने वाले उनके मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित कर दिया जाएं। बांग्लादेश को टी20 विश्व कप 2026 के लिए ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल के साथ जगह मिली है। आईसीसी ने अबतक बांग्लादेश के फैसले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इडेन गार्डन्स में खेलने हैं तीन मैच

आईसीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक बांग्लादेश को टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप दौर के तीन मैच कोलकाता के इडेन गार्डन्स में और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है।

ऐसा है बांग्लादेश का विश्व कप का कार्यक्रम

बांग्लादेश टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डन्स में करेगी। इसके बाद बांग्लादेश अपना दूसरा मैच कोलकाता में ही 9 फरवरी को इटली के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 14 फरवरी को बांग्लादेश साल 2022 के चैंपियन इंग्लैंड से इसी मैदान पर भिड़ेगा। इसके बाद बांग्लादेश की टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ 17 फरवरी को अपने ग्रुप दौर का अंत करेगी।

टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश की टीम

लिट्टन दास (कप्तान), तंज़ीद हसन, परवेज़ हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, क़ाज़ी नुरूल हसन सोहन, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, सैफु द्दीन, शरिफुल इस्लाम।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article