क्रिकेट

BAN vs IRE: बांग्लादेश ने तीसरे वनडे में दी आयरलैंड को 10 विकेट से पटखनी, किया सीरीज पर कब्जा

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 24, 2023, 02:04 AM IST

बांग्लादेश ने आयरलैंड को सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में मात देकर 2-0 के अंतर से सीरीज पर कब्जा कर लिया है। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

बांग्लादेश क्रिकेट टीम(साभार Bangladesh Cricket)

Photo : Twitter

सिलहट (बांग्लादेश): तेज गेंदबाज हसन महमूद के पांच विकेट की बदौलत बांग्लादेश ने गुरुवार को सिलहट में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में आयरलैंड को 10 विकेट से मात देकर 2-0 के अंतर से सीरीज अपने नाम कर ली। बांग्लादेश ने पहला मैच 183 रन से हराकर वनडे में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी और दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।

बांग्लादेश की टीम पहली बार किसी टीम को वनडे में 10 विकेट के अंतर से मात देने में सफल हुई है। बारिश की आशंका के बीच आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन पूरी टीम 28.1 ओवर में महज 101 रन बनाकर ढेर हो गई।

बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने अपने इतिहास में पहली बार सभी 10 विकेट चटकाये। हसन ने 32 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि तास्किन अहमद ने 26 रन देकर तीन और इबादत हुसैन ने 29 रन देकर दो विकेट अपने नाम किये। मेजबान टीम ने यह लक्ष्य महज 13.1 ओवर में बिना विकेट गंवाये 102 रन बनाकर हासिल किया।

लिट्टन दास ने 38 गेंद में नाबाद 50 रन बनाये और अपने नौंवे अर्धशतक के दौरान 10 चौके जड़े। कप्तान तमीम इकबाल ने एक रन लेकर टीम को जीत दिलायी,उन्होंने 41 गेंद में इतने ही रन बनाये जिसमें पांच चौके और दो छक्के जड़े थे। आयरलैंड के केवल दो बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच पाये। कर्टिस कैम्फर ने टीम के सर्वश्रेष्ठ 36 रन की पारी खेली जबकि लोरकान टकर ने 28 रन का योगदान दिया।

हसन ने शानदार तेज गेंदबाजी करते हुए आयरलैंड के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। आयरलैंड की टीम का स्कोर नौंवे ओवर में तीन विकेट पर 22 रन था जिसके बाद तास्किन अहमद ने विकेट झटके। तस्किन ने कप्तान एंड्रयू बालबिर्नी को आउट किया। फिर इबादत ने टकर की पारी खत्म की। हसन ने अपने दूसरे स्पैल में कैम्फर को पवेलियन भेजा। हसन ने अपने पांच विकेट लेकर आयरलैंड की पारी खत्म की।

End of Article