क्रिकेट

Mahmadullah T20I Retirement: टी20 सीरीज के बीच में ही बांग्लादेश के इस दिग्गज ने किया संन्यास का ऐलान

बांग्लादेश के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज महमदुल्लाह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज उनके करियर का आखिरी सीरीज होगा। सीरीज के बीच में उन्होंने इस तरह का फैसला लेकर अपने फैंस को चौंका दिया।

Image

महमदुल्लाह रिटायरमेंट (साभार-ICC)

बांग्लादेश के अनुभवी हरफनमौला महमदुल्लाह ने मंगलवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा की और भारत के खिलाफ मौजूदा श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मुकाबला इस प्रारूप में उनका आखिरी मैच होगा। भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का आखिरी मैच शनिवार को हैदराबाद में खेला जाएगा। पहले मुकाबले में उन्होंने बल्ले से निराश किया था। ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में वह 2 गेंद पर 1 रन बना सके थे और डेब्यू करने वाले मयंक यादव की गेंद पर आउट हुए थे।

महमदुल्लाह ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर यहां कहा, ‘‘हां, मैं इस श्रृंखला के आखिरी मैच के बाद टी20 से संन्यास ले रहा हूं। यह पहले से तय था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह इस प्रारूप से आगे बढ़ने और वनडे पर ध्यान केंद्रित करने का सही समय है।’’ इस 38 साल के खिलाड़ी ने 2007 में पदार्पण करने के बाद बांग्लादेश के लिए 50 टेस्ट, 232 एकदिवसीय और 139 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं। बांग्लादेश के इस पूर्व टी20 कप्तान ने 2021 में अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहा था।

महमदुल्लाह को बिग हीटर के तौर पर याद किया जाएगा

महमदुल्लाह को बांग्लादेश के बिग हीटर के तौर पर याद किया जाएगा। 2016 में जब उन्हें मैच फिनिशर की भूमिका मिली तो उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और अपनी टीम के लिए कई मैच जीते। वह सर्वाधिक टी20 खेलने वालों की सूची में चौथे नंबर पर हैं। महमदुल्लाह 139 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। बांग्लादेश की टीम के पास उनके इस आखिरी टी20 सीरीज को यादगार बनाने का मौका है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article