क्रिकेट

BAN vs SL 2nd T20 Pitch Report, Weather: बांग्लादेश-श्रीलंका दूसरे T20I मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां पर जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Mar 6, 2024, 05:14 PM IST

BAN vs SL 2nd T20 Pitch Report And Sylhet Weather Forecast Today Match In Hindi: आज (6 March 2024) बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का दूसरा व अहम मैच खेला जाएगा। सीरीज का पहला मैच जीतकर शुरुआती बढ़त मजबूत कर चुकी है श्रीलंकाई टीम। दूसरा टी20 भी सिलहिट में खेला जाएगा। आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज सिलहिट का मौसम कैसा रहेगा।

Image

बांग्लादेश बनाम श्रीलंका दूसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश बनाम श्रीलंका टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2024
  • आज खेला जाएगा बांग्लादेश-श्रीलंका दूसरा टी20 मुकाबला
  • दूसरा टी20 मैच भी सिलहिट में होगा आयोजित

BAN (Bangladesh) vs SL (Sri Lanka) 2nd T20 Pitch Report And Sylhet Weather Forecast Today Match: बांग्लादेश और श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बीच आज तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा। दूसरा टी20 मुकाबला भी सिलहिट में स्थित सिलहिट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक इस मैच की शुरुआत शाम 5.30 बजे से होगी। मेहमान श्रीलंकाई टीम की अगुवाई दिग्गज ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) कर रहे हैं। वहीं, मेजबान बांग्लादेश क्रिकेट टीम की कप्तानी नजमुल हुसैन शंटो (Najmul Hossain Shanto) करेंगे। सीरीज में श्रीलंकाई टीम 1-0 से आगे चल रही है।

दोनों टीमों के बीच इस सीरीज में खेला गया पहला टी20 मुकाबला श्रीलंकाई टीम के नाम रहा था। श्रीलंका ने इस मैच में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को रोमांचक अंदाज में 3 रन से शिकस्त दे दी थी। उस मैच में श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 3 विकेट पर 206 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। जवाब में उतरी बांग्लादेश की टीम ने भी लक्ष्य का पीछा बेहतरीन तरीके से किए और वे अंतिम ओवर में जीत के करीब भी पहुंच गए थे, लेकिन श्रीलंका की शानदार गेंदबाजी ने उनको 206/8 के स्कोर तक ही पहुंचने दिया और तीन रन से जीत हासिल करते हुए सीरीज में शुरुआती बढ़त बना ली। अब जानते हैं कि आज के दूसरे टी20 मैच में कैसी रहेगी पिच रिपोर्ट और कैसा रहेगा सिलहिट का मौसम।

बांग्लादेश बनाम श्रीलंका दूसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (BAN vs SL 2nd T20 Pitch Report)

तीन टी20 मैचों की इस सीरीज में बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच आज दूसरा टी20 मैच भी उसी सिलहिट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पहला मुकाबला हुआ था। यहां की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हुई है और पहले टी20 मैच में एक बार फिर इसका नजारा देखने को मिल गया जब दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने 200-200 रन के आंकड़े को पार किया और श्रीलंका सिर्फ 3 रन से जीता। दोनों टीमों की तरफ से दो-दो बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। गेंदबाजों की बात करें तो श्रीलंका के सिर्फ तीन विकेट गिरे जिसमें दो विकेट तेज गेंदबाजों को मिले जबकि स्पिनर को सिर्फ एक विकेट हासिल हुआ। वहीं बांग्लादेश की पारी में 8 विकेट गिरे जिस दौरान श्रीलंकाई गेंदबाजों में 7 विकेट तेज गेंदबाजों को मिले, वहीं स्पिनर को सिर्फ एक विकेट मिला। यानी यहां बल्लेबाजों को सिर्फ तेज गेंदबाजों से संभलकर रहने की जरूरत होगी।

आज कैसा रहेगा सिलहिट का मौसम? (Sylhet Weather Today)

श्रीलंका-बांग्लादेश दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच सिलहिट में खेला जाना है। बांग्लादेश के इस हिस्से में इन दिनों धीरे-धीरे गर्मी अपने पांव पसार रही है। दिन भर धूप खिली रहेगी और शाम को मैच के समय मौसम थोड़ा ठंडा होने के आसार हैं। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है इसलिए एक बार फिर बिना बाधा फैंस मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। उमस तकरीबन 41 प्रतिशत तक रहेगी। अगर तापमान की बात करें तो आज सिलहिट का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने के आसार हैं।

बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें

बांग्लादेश टी20 टीमः नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), एनामुल हक, मोहम्मद नईम, लिटन दास, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, रहमान, शोरिगुल इस्लाम, अलीस अल इस्लाम, तंजीम हसन, सौम्य सरकार, महमुदुल्लाह, महेदी हसन, तैजुल इस्लाम और तस्कीन अहमद।

श्रीलंका टी20 टीमः वानिंदु हसरंगा (कप्तान), दासुन शनाका, कुसल परेरा, दिलशान मदुशंका, धनंजय डी सिल्वा, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना, अकिला धनंजय, बिनुरा फर्नांडो, अविष्का फर्नांडो, कामिंडु मेंडिस और जेफरी वेंडरसे, चरिथ असलांका, सदीरा समरविक्रमा, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज और महेश थीक्षाना।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article