BAN (Bangladesh) vs SL (Sri Lanka) 1st T20 Pitch Report And Sylhet Weather Forecast Today: श्रीलंका क्रिकेट टीम और मेजबान बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बीच आज से तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आगाज हो रहा है। पहले टी20 मैच का आयोजन सिलहिट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस टी20 सीरीज में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान नजमुल होसैन शंटो (Najmul Hossain Shanto) होंगे, जबकि श्रीलंकाई टीम की कमान वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) के हाथों में है।
बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में आज तक सिर्फ 13 मुकाबले खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 9 मैच श्रीलंकाई टीम ने जीते हैं जबकि 4 मैच बांग्लादेश ने जीते हैं। मौजूदा टी20 सीरीज बांग्लादेश की जमीन पर होने जा रही है इसलिए वहां के आंकड़े भी जान लेते हैं। दोनों टीमों के बीच बांग्लादेश में अब तक 5 टी20 मैच खेले गए हैं जिसमें 4 मैच मेहमान श्रीलंकाई टीम ने जीते, वहीं मेजबान बांग्लादेश की टीम अपने घर में सिर्फ 1 मैच जीत सकी। अब आपको बताते हैं आज होने वाले पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट और सिलहिट के मौसम की ताजा स्थिति।
बांग्लादेश बनाम श्रीलंका पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (BAN vs SL 1st T20 Pitch Report)
बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच पहला टी20 मैच सिलहिट के सिलहिट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस मैदान पर अब तक 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। दिलचस्प बात ये है कि इस ग्राउंड के शुरुआती 6 टी20 मैचों में मेजबान टीम हिस्सा नहीं थी। जबकि उसके बाद खेले गए पिछले चारों टी20 मैचों में बांग्लादेश की टीम खेली। इन मैचों में बांग्लादेश को श्रीलंका और वेस्टइंडीज ने मात दी, जबकि बाकी दो मैचों में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को शिकस्त दी। इस मैदान के आंकड़े गवाही देते हैं कि यहां की पिच बल्लेबाजों को फायदा पहुंचाने वाली है। यहां का सर्वाधिक टी20 स्कोर 210 रन है जो श्रीलंका ने 2018 में बनाया था। जबकि सबसे कम टी20 स्कोर 129 रन रहा है। गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों को यहां शुरुआत व अंत में मदद मिल सकती है।
आज कैसा रहेगा सिलहिट का मौसम? (Sylhet Weather Today)
दोनों टीमों के बीच मैच सिलहिट में खेला जा रहा है। यहां के मौसम की बात करें तो आज यहां दिन भर धूप खिली रही है और बारिश के कोई आसार नहीं है। वहीं आज यहां उमस बहुत रहने वाली है। सिलहिट का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान हैं जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है।
बांग्लादेश और श्रीलंका की टी20 टीमें
श्रीलंका क्रिकेट टीमः वानिंदु हसरंगा (कप्तान), चरिथ असलांका, सदीरा समरविक्रमा, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, महेश थीक्षाना, दासुन शनाका, कुसल परेरा, दिलशान मदुशंका, धनंजय डी सिल्वा, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना, अकिला धनंजय, बिनुरा फर्नांडो, अविष्का फर्नांडो, कामिंडु मेंडिस और जेफरी वेंडरसे।
बांग्लादेश क्रिकेट टीमः नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), एनामुल हक, मोहम्मद नईम, लिटन दास, सौम्य सरकार, महमुदुल्लाह, महेदी हसन, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, रहमान, शोरिगुल इस्लाम, अलीस अल इस्लाम और तंजीम हसन।
