Pakistan Asian Games T20 Squad: एक तरफ जहां हाल में भारतीय टी20 टीम में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं और पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से हटाकर श्रेयस अय्यर को नया भारतीय टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं, अब पाकिस्तान भी बीसीसीआई के नक्शेकदम पर चलता नजर आ रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की चयन समिति ने आज एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान की टी20 टीम का ऐलान कर दिया है और उसमें ना टी20 टीम के नियमित कप्तान सलमान आगा को जगह मिली है और ना ही पाकिस्तान के सबसे सफल बल्लेबाज बाबर आजम को जगह हासिल हुई है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान टी20 टीम में बड़े बदलाव
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद पाकिस्तान की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में बाबर आजम के भविष्य को लेकर हमेशा शक बना हुआ था। टूर्नामेंट के दौरान प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह चली गई थी और अब उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। वर्ल्ड कप के बाद, सेलेक्टर्स ने आजम को वनडे टीम से भी बाहर कर दिया था। बल्लेबाज़ी में आज़म का प्रदर्शन औसत से कम रहा और उन्होंने चार पारियों में 112.34 के स्ट्राइक रेट से 91 रन बनाए। सलमान ने छह पारियों में 60 रन बनाए।
अफरीदी और शादाब को भी किया बाहर
बाबर आज़म और सलमान आगा के अलावा, सेलेक्टर्स ने शाहीन अफरीदी और शादाब खान को भी टीम से बाहर कर दिया है। अफरीदी, जो मौजूदा वनडे टीम के कप्तान हैं, वो टी20 अंतरराष्ट्रईय टीम के पूर्व उप-कप्तान भी रह चुके हैं।
पाकिस्तान टी20 टीम को मिला नया कप्तान
अब जहां एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान की टी20 टीम की घोषणा हुई है तो उसमें सलमान आगा की कप्तानी भी चली गई है और ओपनर साहिबज़ादा फरहान को कप्तानी सौंपी गई है। फरहान जापान में होने वाले एशियन गेम्स में कप्तानी में अपना डेब्यू करेंगे। गौरतलब है कि साहिबजादा फरहान T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने छह पारियों में 76.60 की औसत से 383 रन बनाए थे। उन्होंने 2 शतक और उतने ही पचासे लगाए थे।
एशियन गेम्स 2026 के लिए ऐसी है पाकिस्तान की टीम
पाकिस्तान टी20 टीम: साहिबज़ादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रज़ा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, साद मसूद, सैम अयूब, सुफियान मोकिम, उस्मान खान, हसन नवाज़, माज़ सदाकत और मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा।
