लाहौर: टी20 विश्व कप 2024 के आगाज में तकरीबन 3 सप्ताह का वक्त बचा है। ऐस में पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना हो चुकी है। पाकिस्तान को 2 जून से शुरू होने जा रहे विश्व कप से पहले 7 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेलने हैं। इन सात में 3 मैच पाकिस्तान-आयरलैंड के बीच खेले जाने हैं वहीं 4 मैच पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले जाने हैं।
बाबर आजम(Pakistan Cricket)
रनों की रेस में बाबर हैं तीसरे पायदान पर
ऐसे में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के पास इन दो सीरीज के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने का शानदार मौका है। बाबर आजम के खाते में फिलहाल 3823 रन दर्ज हैं। ये रन उन्होंने 114 मैच की 107 पारियों में 41.10 के औसत और 129.41 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। बाबर अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद तीसरे पायदान पर हैं।
रनों का शहंशाह बनने के लिए 215 रन की दरकार
विराट कोहली के नाम 117 मैच में 4037 और रोहित शर्मा 151 में 3974 रन दर्ज हैं। रोहित शर्मा को रनों की दौड़ में पीछे छोड़ने के लिए बाबर को 152 और विराट को पीछे छोड़कर टी20 क्रिकेट में रनों का शहंशाह बनने के लिए 215 रन की दरकार है। इसी क्रम में बाबर 177 रन पूरे करते ही अंतरराष्ट्रीय टी20 में 4000 हजार रन पूरे करने वाले विराट के बाद दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगें। जैसे फॉर्म में बाबर हैं वो इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले ये उपलब्धि हासिल कर लेंगे।
पाकिस्तान के आयरलैंड दौरे का कार्यक्रम
पाकिस्तान-आयरलैंड के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का आगाज 10 मई को होने जा रहा है। सीरीज का दूसरा और तीसरा मुकाबला 12 और 14 मई को खेला जाएगा। तीनों ही मुकाबले डब्लिन में खेले जाएंगे। भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से ये मुकाबले खेले जाएंगे।
पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे का का कार्यक्रम
आयरलैंड के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के बाद पाकिस्तान इंग्लैंड के बीच चार मैच की टी20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का आगाज 22 मई को लीड्स में होगा। सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 24 मई को बर्मिंघम में, तीसरी 28 मई को कार्डिफ और चौथा 30 मई को ओवल में खेला जाएगा। इसके बाद पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड से सीधे अमेरिका रवाना हो जाएगी।
