क्रिकेट

IND vs ENG: अक्षर पटेल ने तोड़ा युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड, 100 T20I विकेट लेने वाले बने पहले भारतीय स्पिनर

भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में एक विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इस एक विकेट की मदद से अक्षर पटेल ने टी20I में अपने 100 विकेट पूरे किए। उन्होंने युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया। वह भारत की तरफ से 100 विकेट लेने वाले पहले स्पिनर बने।

Image

अक्षर पटेल ने टी20I में पूरे किए 100 विकेट। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Axer Patel 100 T20I Wicket: मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की। अक्षर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे किए। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय स्पिनर और चौथे गेंदबाज बने। अक्षर ने युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ा।

ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस जीतकर श्रेयस अय्यर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा की उम्दा पारियों की बदौलत 8 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। इंग्लैंड को 191 रन का टारगेट दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंग्रेज टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए।

अर्शदीप ने दिए दो बड़े झटके

अर्शदीप सिंह ने फिल सॉल्ट को पहली ही गेंद पर गोल्डन डक पर आउट किया। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर जोस बटलर को बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद जैकब बेथल और कप्तान हैरी ब्रूक ने 23 गेंद पर 50 रन जोड़े। यह साझेदारी भारत के लिए खतरनाक बनती जा रही थी। ऐसे में श्रेयस ने अक्षर पटेल को गेंद थमाई।

हैरी ब्रूक का अक्षर ने किया शिकार

अपने स्पेल का पहला ओवर करने आए अक्षर पटेल ने ओवर की चौथी गेंद पर हैरी ब्रूक को आउट किया। ईशान किशन ने विकेट के पीछे गजब का कैच लपका और इस विकेट की मदद से अक्षर पटेल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे किए। हैरी ब्रूक, अक्षर पटेल का 100वां शिकार बने। अक्षर पटेल 100 टी20I विकेट लेने वाले पहले भारतीय स्पिनर बने। अक्षर पटेल 100 टी20I विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बने।

भारत के लिए सर्वाधिक टी20I विकेट लेने वाले गेंदबाज-

अर्शदीप सिंह-134*

जसप्रीत बुमराह-121*

हार्दिक पांड्या- 114*

अक्षर पटेल-100*

युजवेंद्र चहल- 96

दो रन बनाकर हुए थे आउट

अक्षर पटेल 98वें टी20I मैच में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। खबर लिखे जाने तक अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 12 रन देकर एक विकेट लिए थे। बल्लेबाजी के दौरान वह रन आउट हो गए थे। वह तीन गेंद पर दो ही रन बना सके थे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article