सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड शनिवार को भारतीय टीम के खिलाफ सिडनी में खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में एक व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। हेड वनडे क्रिकेट में 3,000 रन के आंकड़े को छूने से महज 22 रन दूर हैं। सीरीज में हेड अबतक कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। पर्थ में हेड 8 और एडिलेड में 28 रन की पारी खेल सके। ऐसे में उनके बल्ले से एक बड़ी पारी की आस शनिवार को सिडनी में खेले जाने वाले मुकाबले में प्रशंसकों को है। घरेलू दर्शकों के सामने अगर हेड 22 रन बनाने में सफल हुए तो वो वनडे में ऑस्ट्रेलिया के सबसे तेज 3 हजार रन बनाने वाले प्लेयर बन जाएंगे।
ऐसा रहा है वनडे करियर
हेड ने अब तक खेले 78 वनडे की 75 पारियों में 2,978 रन 43.79 की औसत और 105.64 के स्ट्राइक रेट के साथ बनाए हैं। जिसमें सात शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 154* रन रहा है। सिडनी के मैदान पर हेड का बल्ला खूब चलता है। अबतक इस मैदान पर खेले तीन वनडे मैच की 3 पारी में हेड ने 122 रन 40.66 के औसत और 98.38 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। 52 रन वनडे में इस मैदान पर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले 9 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की 10 पारियों में हेड ने 296 रन 32.88 की औसत से बनाए हैं। जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 70 रन रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के सबसे तेज तीन हजारी
ट्रेविस हेड अगर सिडनी में 22 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे तो वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज गति से 3 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। वर्तमान में ये रिकॉर्ड स्टीव स्मिथ के नाम दर्ज है। स्मिथ ने 79 पारी में वनडे में 3 हजार रन पूरे किए थे। वहीं हेड 76 पारी में इस मुकाम पर पहुंचकर 3 पारी के अंतर से स्मिथ का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
साल 2025 में नहीं मचा पाए हैं धमाल
साल 2025 अबतक हेड के लिए अच्छा नहीं रहा है। इस साल खेले 9 वनडे मैचों में हेड ने 333 रन 41.62 के औसत से बनाए हैं। जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। 142 उनका इस साल का वनडे फॉर्मेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हेड साल 2025 में 30.11 के औसत से कुल 783 रन बना सके हैं।
