लंंदन: ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट के अंतर से मात देकर सातवीं बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड की सरजमीं पर पहली बार वर्ल्ड कप खिताब जीतने में सफल हुआ है। सोफी मोलिनी की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में पहले गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को 4 विकेट पर 150 रन पर रोक दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 151 रन के लक्ष्य को बेथ मूनी की 64 और फीबी लिचफील्ड की 48 रन की पारी की बदौलत 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बेथ मूनी और फीबी लिचफील्ड ने पक्की की जीत
जीत के लिए 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर जॉर्जिया वॉल को लॉरेन बेल ने बोल्ड करके पहली सफलता इंग्लैंड दो दिलाई। इसके बाद पारी को बेथ मूनी और फीबी लिचफील्ड ने संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया की सातवीं खिताबी जीत पक्की कर दी। 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर लिच फील्ड को चार्ली डीन ने बोल्ड कर दिया। वो 48 रन बना सकीं। इसके बाद 49 गेंद में 64 रन बनाने वाली बेथ मूनी को सोफी एक्लेस्टोन ने एलबीडब्लू कर दिया। 140 के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पार करने का जिम्मा एलिस पैरी और एश्ले गार्डनर के कंधों पर आ गया और दोनों ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी।
इंग्लैंड ने बनाए 4 विकेट पर 150 रन
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने नैट साइवर ब्रंट की 58 रन की कप्तानी पारी की बदौलत फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 ओवर में 4 विकेट पर 150 रन का स्कोर खड़ा किया। ब्रंट ने शानदार बल्लेबाजी की और अपनी पारी में पांच चौके जड़े। उन्होंने फ्रेया कैंप के साथ पांचवें विकेट के लिए नाबाद 55 गेंद में 80 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में कैंप ने 28 गेंद में 44 रन का योगदान दिया। उन्होंने इस दौरान चार चौके और एक छक्का जड़ा।
खराब रही इंग्लैंड की शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया और दूसरे ओवर में लुसी हैमिल्टन ने एमी जोंस को चलता कर दिया। वो 6 रन बना सकीं। इसके बाद एनाबेल सदरलैंड ने फॉर्म में चल रही डैनी वाट हॉज(08) को आउट करके इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं। दो विकेट गंवाने के बाद एलिस कैप्से अच्छी लय में दिख रही थीं लेकिन कंगारू कप्तान सोफी मोलिनी ने उन्हें बोल्ड करके इंग्लैंड को इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। कैप्से 23(20) रन बना सकीं। हीथर नाइट छह गेंद ही खेल सकी और किम गार्थ की गेंद पर एलबीडब्लू होकर पवेलियन लौट गईं।
ब्रंट ने खेली कप्तानी पारी
10.5 ओवर में 70 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद कप्तान नैट साइवर ब्रंट एक छोर पर डटी रहीं उन्हें दूसरे छोर पर फ्रेया केंप का साथ मिला। दोनों ने इंग्लैंड को 14.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद दोनों ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 35 गेंद में पूरी कर ली। दोनों की साझेदारी आगे बढ़ी और कप्तान ब्रंट ने अपना अर्धशतक 45 गेंद में 5 चौके की मदद से पूरा कर लिया। अंत में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 150 रन तक पहुंचने में सफल हुई। ब्रंट 58 और केंप 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया के किम गेराथ, लुसी हैमिलटन, सोफी मोलिनी और एमाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट लिए।
