विशाखापट्टनम वनडे टी20 से भी कम वक्त में खत्म हो गया है। यह मैच कुल 37 ओवर में ही खत्म हो गया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 118 रन का मामूली लक्ष्य रखा था, जिसे कंगारूओं ने केवल 11 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। मिचेल मार्श ने 36 गेंद पर 66 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ट्रैविस हेड ने भी 51 रन बनाकर उनका बाखूबी साथ दिया।
भारतीय टीम 117 रन पर सिमटी
इससे पहले टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 3 रन के स्कोर पर उसे शुभमन गिल के रुप में पहला झटका लगा। गिल खाता भी नहीं खोल पाए और स्टार्क की गेंद पर लाबुशेन को कैच दे बैठे। उसके बाद टीम इंडिया ने एक के बाद लगातार विकेट गंवाए।
एक वक्त टीम इडिया ने 49 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन विराट कोहली के 31 और बाद में अक्षर पटेल की 29 रन की पारी के दम पर 100 रन का आंकड़ा पार किया और 117 रन बनाकर आउट हो गई।
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी का दिखा कहर
विशाखापट्टनम में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों का कहर देखने को मिला। मिचेल स्टार्क ने 5 जबकि सीन एबॉट ने 3 विकेट झटके और भारत के किसी भी बल्लेबाज को संभलने का मौका नहीं दिया। इन दोनों की घातक गेंदबाजी का ही नतीजा था कि भारत के 4 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए और 3 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। स्टार्क ने वनडे करियर में 9वीं बार 5 विकेट लिया है।
