हांगझाउ: भारतीय खिलाड़ियों का एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय दल ने रविवार 1 अक्टूबर को 19वें एशियाई खेलों के आठवें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 मेडल अपनी झोली में डाले। जो कि भारत का एशियाड में एक दिन में सबसे ज्यादा पदक जीतने का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले भारत ने एशियाई खेलों में एक दिन में सबसे ज्यादा पदक साल 2010 में ग्वांगझू में 14वें दिन 11 पदक जीते थे।
एशियन गेम्स
आठवें दिन भारत ने जीते 3 गोल्ड
एशियाई खेल 2023 का आठवां दिन भारत के लिए शानदार रहा। भारत ने तीन गोल्ड, सात सिल्वर और 5 कांस्य पदक अपनी झोली में डाले। भारत के लिए अविशान साबले ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में गोल्ड मेडल जीता। वहीं शॉर्टपुट में तेंजदर पाल सिंह तूर अपना खिताब बचाने में सफल रहे और लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं भारतीय ट्रैप टीम ने निशानेबाजी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
इन स्पर्धाओं में भारत को मिले 7 सिल्वर
आठवें दिन भारत को सात सिल्वर मेडल दिलाने वालों में अदिति अशोक(महिला गोल्फ), हरमिलन बैंस (महिलाओं की 1500 मीटर दौड़), अजय सरोज(पुरुषों की 1500 मीटर दौड़), मुरली श्रीशंकर(पुरुषों की लंबी कूद), ज्योति याराजी (महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़), पुरुष बैडमिंटन टीम, और निशानेबाजी में महिलाओं की ट्रैप टीम शामिल थे।
इन खिलाड़ियों ने जीते कांस्य
निशानेबाजी में पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में किनान चेनाई, महिला बॉक्सिंग में निकहत जरीन(50 किग्रा भार), पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में जिन्सन जॉनसन महिलाओं की चक्का फेंक(डिस्कस थ्रो) स्पर्धा में सीमा पुनिया और महिला हेप्टाथलॉन में नंदिनी अगसारा ने कांस्य पदक जीते।
पदक तालिका में ऐसा है हाल
एशियाई खेलों में आठवें दिन के खेल के बाद भारत पदक तालिका में 13 स्वर्ण, 21 रजत और 19 कांस्य पदक सहित कुल 53 पदक जीत लिए हैं। पदक तालिका में भारत चीन, दक्षिण कोरिया और जापान के बाद चौथे स्थान पर है। भारत ने सबसे ज्यादा 22 मेडल निशानेबाजी में जीते हैं। जिसमें सात गोल्ड, नौ सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। एथलेटिक्स में भारत को दो पदक मिल चुके हैं। एथलेटिक्स में भारत ने 2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 कांस्य पदक सहित कुल 12 पदक अपनी झोली में डाले हैं।
