क्रिकेट

150 की रफ्तार वाले तेज गेंदबाज की टीम इंडिया में एंट्री, कौन हैं नया स्पीडगन अशोक शर्मा

Ashok Sharma: जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने अशोक शर्मा और यश ठाकुर को मौका दिया है। 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले अशोक शर्मा को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया है।

Image

जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का सेलेक्शन (फोटो साभार- ashok_sharma_1711)

Ashok Sharma: भारतीय क्रिकेट में एक नए खूंखार तेज गेंदबाज की एंट्री हो गई है। 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले अशोक शर्मा को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने अशोक शर्मा और यश ठाकुर को मौका दिया है। विश्व कप विजेता विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को इस सीरीज से बाहर रखा गया है।

इंग्लैंड में चल रही पांच मैच की टी20 सीरीज में सैमसन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ नाकाम रहे थे। दूसरे टी20 में उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को टीम में लिया गया था। सैमसन की जगह पंजाब के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को भी पहली बार टीम में चुना गया है। तेज गेंदबाज मयंक यादव की 2024 के बाद टीम में वापसी हुई है।

कौन हैं अशोक शर्मा

अशोक शर्मा का जन्म राजस्थान में हुआ लेकिन घरेलू क्रिकेट में वह गुजरात के लिए खेलते हैं। आईपीएल में वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। अशोक की सबसे बड़ी ताकत उनकी रफ्तार है। वह लगातार 150 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद फेंक सकते हैं। खास बात यह है कि वह एक ही एक्शन से 115 किमी प्रति घंटे की धीमी गेंद भी डाल देते हैं। इससे बल्लेबाजों को उनकी गति समझने में मुश्किल होती है। आईपीएल 2026 में अशोक ने गुजरात टाइटंस के लिए 6 मैचों में 10 विकेट लिए थे। हालांकि उनका इकॉनमी रेट थोड़ा ज्यादा रहा, लेकिन रफ्तार और धीमी गेंदों के मिश्रण से उन्होंने बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया।

अशोक सबसे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चर्चा में आए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा 22 विकेट लिए थे। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में भी वह राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 7 मैचों में 13 विकेट चटकाए थे। चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि जिम्बाब्वे की पिचों पर अशोक की रफ्तार भारत के लिए कारगर साबित होगी। हरारे में 23, 25 और 27 जुलाई को तीन टी20 खेले जाएंगे।

जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article