भारत और अफगानिस्तान अब 3 मैच की वनडे सीरीज में भिड़ने वाली है। पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। दोनों टीम धर्मशाला पहुंच चुकी है, लेकिन इस सीरीज से पहले माइंडगेम शुरू हो गया है। मुंबई इंडियंस की टीम में खेलने वाले अफगानी स्पिन गेंदबाज अल्लाह गजनफर ने टीम इंडिया के खिलाफ रणनीति पर बात की है। उन्होंने कहा आईपीएल की सीख को भारत के दिग्गज बल्लेबाजों के सामने आजमाएंगे। अफगानिस्तान के सबसे होनहार खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले 19 वर्षीय ऑफ-स्पिनर ने माना कि आईपीएल के अभ्यास सत्र में रोहित को लगातार गेंदबाजी करने का मौका मिलने से उन्हें दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों का सामना करने की चुनौतियों और बारीकियों को समझने का शानदार अवसर मिला।
गजनफर ने तीन मैचों की वनडे श्रृंखला से पहले चुनिंदा संवाददाताओं से कहा, "रोहित भाई एक महान खिलाड़ी हैं और बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। वह पारी की शुरुआत करते हैं और हम नई गेंद से गेंदबाजी करते हैं। उनसे जो भी हमने सीखा है, इंशाअल्लाह उसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करेंगे और देखेंगे कि आगे क्या होता है।" उन्होंने बताया कि आईपीएल के दौरान रोहित शर्मा ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन भी दिया था।
मुंबई के खिलाफ जो सीखा वो उपयोग करूंगा
गजनफर ने कहा, "एक बार जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था, तो उन्होंने मुझे कुछ सुझाव दिए। मैंने उनकी बातों की बहुत सराहना की और मैं उनका आभारी हूं।"
मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ समय बिताने को उन्होंने अपने करियर के लिए बेहद उपयोगी बताया।
उन्होंने कहा "आईपीएल में आपको बेहतरीन खिलाड़ी और शानदार कोचिंग दोनों मिलते हैं। उनके साथ मैच खेलना और ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए बहुत सीखने वाला अनुभव रहा। क्रिकेट लगातार सीखने का खेल है और मैं आगे भी सीखते रहना चाहता हूं।’’ अफगानिस्तान टीम की तैयारी पर गजनफर ने कहा कि आईपीएल के कारण भले ही कई खिलाड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में व्यस्त रहे, लेकिन टीम ने तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा, "आईपीएल हमारे लिए बहुत अच्छा रहा। यहां बहुत गर्मी है और हम परिस्थितियों के अनुसार ढल चुके हैं। यहां आने से पहले हमारी टीम ने काबुल में एक महीने का शिविर लगाया था। हम पिच और मौसम के अनुसार खुद को ढाल चुके हैं और खिलाड़ी जोश से भरे हुए हैं।" अफगानिस्तान क्रिकेट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर उन्होंने कहा कि अब घरेलू स्तर से सीधे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक कठिन हो गया है, लेकिन सही तैयारी और मेहनत से सफलता संभव है।
युवा खिलाड़ियों के लिए राशिद खान और मोहम्मद नबी आदर्श रहे हैं, लेकिन गजनफर के लिए किसी खिलाड़ी से ज्यादा पूरी अफगानिस्तान टीम प्रेरणा रही है।
इस स्पिनर ने कहा,’’अपने आदर्श की बात करें तो हमारे लिए आदर्श अफगानिस्तान की टीम थी। बड़े होते समय हम सभी अपनी राष्ट्रीय टीम को देखकर प्रेरणा लेते थे। अफगानिस्तान की टीम जब भारत की मजबूत बल्लेबाजी के सामने उतरेगी, तो सभी की नजरें इस युवा स्पिनर पर होंगी कि क्या वह आईपीएल के अनुभव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता में बदल पाते हैं या नहीं।
