Ajinkya Rahane vs Mumbai Indians: कोलकाता नाईट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बल्ले से धमाकेदार शुरुआत की। रहाणे 40 गेंद में 67 रन की कप्तानी पारी खेलकर आउट हुए। उनकी पारी की बदौलत केकेआर की टीम अच्छी शरुआत करते हुए तेजी से 100 रन के आंकड़े को पार करने में सफल हुई। रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक 27 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा किया। शार्दुल ठाकुर ने रहाणे की पारी का अंत 14वें ओवर में हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराकर किया। रहाणे टीम को 13.3 ओवर में 145 रन तक पहुंचाकर पवेलियन वापस लौटे।
अजिंक्य रहाणे(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
रहाणे ने अपना अर्धशतक पूरा करते ही आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में साझा रूप से तीसरे पायदान पर काबिज हो गए। रहाणे का मुंबई के खिलाफ यह आईपीएल में छठा अर्धशतक है। मुंबई के खिलाफ पचास रन से ज्यादा की इतनी पारियां शिखर धवन, क्रिस गेल, मनीष पांडे और विराट कोहली खेली हैं। इस सूची में पहले पायदान पर पचास रन से ज्यादा की नौ पारियों के साथ केएस राहुल हैं। वहीं दूसरे स्थान पर साझा रूप से डेविड वॉर्नर और सुरेश रैना हैं। दोनों ने मुंबई के खिलाफ पचास रन से ज्यादा की सात-सात पारियां खेली हैं।
मुंबई इंडियन्स के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
- केएल राहुल-9
- डेविड वॉर्नर-7
- सुरेश रैना-7
- शिखर धवन-6
- क्रिस गेल-6
- मनीष पांडे-6
- विराट कोहली-6
- अजिंक्य रहाणे-6*
रहाणे का आईपीएल में ऐसा रहा है प्रदर्शन
रहाणे ने आईपीएल में अबतक खेले 199 मैच में 18 बार नाबाद रहते हुए 30.72 के औसत और 125.44 के स्ट्राइक रेट से 5099 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 34 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 105 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। मुंबई के खिलाफ खेली 67 रन की पारी उनके आईपीएल करियर का 34वां अर्धशतक था।
