चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे अभिषेक शर्मा अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहे हैं। कुछ क्रिकेट पंडित कह रहे हैं कि उन्हें आगामी टी20 विश्व कप के लिए भी टीम इंडिया में मौका दिया जा सकता है। लेकिन अभिषेक के मेंटोर युवराज सिंह ही उनके राह की बाधा बनते दिख रहे हैं।
टी20 विश्व कप 2024 के ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किए गए युवराज सिंह ने अभिषेक को टी20 विश्व कप के लिए सिलेक्ट किए जाने के बारे में कहा,अभिषेक टीम इंडिया में सिलेक्ट होने के करीब पहुंच गए हैं लेकिन मुझे नहीं लगता है कि वो फिलहाल अभी टी20 विश्व कप में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अभिषेक को करना होगा अभी इंतजार
युवराज ने आगे कहा, टी20 विश्व कप के लिए हमें अनुभवी टीम का चयन करना चाहिए। कुछ खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं। विश्व कप के बाद उन्हें टीम इंडिया के लिए खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। इसी पर उनका ध्यान होना चाहिए। आने वाले छह महीने अभिषेक के लिए अहम होंगे।
ऐसा है अभिषेक शर्मा का आईपीएल 2024 में प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा आईपीएल 2024 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शुमार हैं। उन्होंने शानदार स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करके सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने लंबे-लंबे छक्के जड़ने की अपनी क्षमता से भी लोगों से परिचय कराया और सुर्खियां बटोरी हैं। अभिषेक सनराइजर्स हैदराबाद के सीजन में दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने अबतक खेले 8 मैच में 288 रन बनाए हैं। 23 वर्षीय अभिषेक इस बार इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड जीतने के सबसे बड़े दावेदार हैं। युवराज सिंह ने अभिषेक के साथ बेहद करीब से काम किया है। ऐसे में युवराज ने कहा कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने से पहले खुद को थोड़ा और परिपक्व बनाना होगा।
