क्रिकेट

IPL 2024: अभिषेक शर्मा बने मौजूदा सीजन के सिक्सर किंग, साथ ही तोड़ा विराट कोहली का 8 साल पुराना रिकॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पंजाब किंग्स के खिलाफ रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान सीजन में सबसे ज्यादा जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही उन्होंने विराट कोहली का भी 8 साल पुराना एक रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

अभिषेक शर्मा (साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • अभिषेक शर्मा ने खेली पंजाब के खिलाफ 66 रन की आतिशी पारी
  • जड़ा सीजन में अपना तीसरा अर्धशतक
  • बने आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज

हैदराबाद: आईपीएल के 17वें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल रहे बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आतिशी बल्लेबाजी के बल पर क्रिकेट प्रशंसकों के दिल में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले अभिषेक को युवराज सिंह का शिष्य भी माना जाता है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में अभिषेक को ट्रेविस हेड के साथ पारी का आतिशी आगाज करने की जिम्मेदारी मिली और इस भूमिका पर वो पूरी तरह खरे उतरे। छक्के जड़ने में अभिषेक को महारथ हासिल है और वो मौजूदा सीजन में विराट कोहली को पछाड़कर सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वो आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय भी बन गए हैं।

पंजाब के खिलाफ जड़े 27 गेंद में 66 रन

शनिवार को सीजन के आखिरी लीग मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स के सामने जीत के लिए 215 रन का विशाल लक्ष्य रखा। ऐसे में पारी की पहली गेंद पर ट्रेविस हेड के गोल्डन डक के साथ पवेलियन वापस लौट गए। ऐसे में उनके जोड़ीदार अभिषेक शर्मा ने दूसरा छोर संभाला और राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। अभिषेक ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए अपना अर्धशतक 21 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के के साथ पूरा कर लिया। यह उनका मौजूदा सीजन का तीसरा अर्धशतक है। अभिषेक 27 गेंद में 66 रन की आतिशी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 6 छक्के जड़े।

आईपीएल 2024 के सिक्सर किंग

अभिषेक ने आईपीएल 2024 में खेले 13 मैच की 13 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 442 रन 40.18 के औसत और 209.47 के आतिशी स्ट्राइकरेट से बनाए। अभिषेक ने सीजन में 33 चौके 39 छक्के जड़े। इसके साथ ही उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का विराट कोहली का 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। विराट कोहली ने साल 2016 में 38 छक्के जड़े थे। अभिषेक के खाते में अब सबसे ज्यादा 39 छक्के हो गए हैं। विराट कोहली के खाते में मौजूदा सीजन में भी 37 छक्के दर्ज हो गए हैं। ऐसे में विराट के पास इस रिकॉर्ड को एक बार फिर अपने नाम करने का शानदार मौका है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article