T20 World Cup 2026 Today Matches Schedule 21 February: टी20 क्रिकेट विश्व कप 2026 में आज (21 फरवरी, शनिवार) से सुपर-8 के मुकाबले खेले जाएंगे। ग्रुप स्टेज के बाद सुबह से लेकर शाम तक क्रिकेट फैंस का जमकर मनोरंजन होने वाला है। टी20 वर्ल्ड कप में आज एक मैच खेला जाएगा और दो बड़ी टीमों का भविष्य भी टूर्नामेंट में कैसा होगा ये जानना दिलचस्प रहेगा। टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस में कौन सी टीम आगे रहेगी, इसमें आज से फैसले होंगे। टूर्नामेंट में आज के मुकाबलों में जो दो टीमें मैदान पर उतरने वाली हैं, वो हैं पाकिस्तान और न्यूजीलैंड।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-8 पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड
आज मैच किसका है: टी20 वर्ल्ड कप में आज केवल एक मुकाबला खेला जाएगा। सुपर-8 के इस पहले मुकाबले में पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से है। इन दोनों टीमों में जीतने का पूरा दमखम है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमें तीन-तीन जीत के साथ यहां पहुंची हैं, लेकिन निराशा का भाव अभी भी बना हुआ है। दोनों ही टीमें अपने-अपने ग्रुप में उस प्रतिद्वंदी से हार गईं, जिसे वे सबसे ज्यादा हराना चाहती थीं।
दोंनों टीमों को मिली है एक-एक हार
न्यूजीलैंड अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका से हारा, पाकिस्तान कोलंबो में भारत से हारा। ये दोनों मैच उनके लिए निर्णायक साबित हुए। टूर्नामेंट में आगे चलकर रीमैच हो भी सकता है और नहीं भी, लेकिन इस मौके को हासिल करने का सबसे पक्का तरीका है कि सुपर-8 को बिना किसी गलती के पार करना और सेमीफाइनल में जगह बनाना।
दोनों टीमें के बीच यह मुकाबला 50वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। एक ऐसी प्रतिद्वंद्विता जो आपसी तालमेल पर टिकी है, न कि किसी तरह की नोकझोंक पर। पिछले 49 मैचों में से पाकिस्तान ने 24 और न्यूजीलैंड ने 23 मैच जीते हैं, जबकि दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। जीत-हार का अंतर, प्रतिद्वंद्विता की तरह ही बहुत कम है।
कहां खेला जाएगा पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैचः कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। जहां की पिचें अक्सर धीमी और कम बाउंस वाली रहती हैं, जहां ताकत के साथ-साथ धैर्य की भी जरूरत होती है। इस टी20 विश्व कप में स्पिन के खिलाफ न्यूजीलैंड सबसे बेहतरीन टीमों में से एक रही है। स्ट्राइक रेट में भारत के बाद दूसरे स्थान पर और डॉट गेंदों को रोकने में सबसे प्रभावी रही है।
वहीं, पाकिस्तान स्पिन-प्रधान रणनीति पर अडिग नजर आ रहा है। साथ ही ऐसी पिच पर जहां टर्न मिलने की संभावना ज्यादा है। वहां इस वैचारिक दांव की परीक्षा एक ऐसी बल्लेबाजी इकाई के खिलाफ होगी जो विकेटों को भेदने और छक्का लगाने में माहिर है।
