क्रिकेट

Today Cricket Match 9 June 2026: आज किसका मैच है, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर दुनिया की नजरें

Today Cricket Match 9 June 2026: वैभव सूर्यवंशी आज से शुरू होने वाली वनडे 'A' टीम ट्राई सीरीज में मेजबान श्रीलंका ए के खिलाफ मैदान में उतरेंगे तो सभी की निगाहें इस 15 साल के किशोर बल्लेबाजी सनसनी पर टिकी रहेंगी।

Image

आज किसका मैच है

Today Cricket Match 9 June 2026: जून के अंत में आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में चयनित वैभव सूर्यवंशी आज से शुरू होने वाली वनडे 'A' टीम ट्राई सीरीज में मेजबान श्रीलंका ए के खिलाफ मैदान में उतरेंगे तो सभी की निगाहें इस 15 साल के किशोर बल्लेबाजी सनसनी पर टिकी रहेंगी। सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग में दमदार प्रदर्शन के साथ पिछले दो बार की विश्व कप विजेता भारतीय टी20 टीम में जगह बनाई है। उनके शामिल होने से तीन बार की विजेता टीम और मजबूत हो गई है। अब वह 50 ओवर के प्रारूप में भी अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं, जहां श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के गेंदबाजों के सामने उन्हें रोकने की चुनौती होगी।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ रवाना होने से पहले यह देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यवंशी आईपीएल में आक्रामक बल्लेबाजी से निकलकर श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल पिचों पर लंबे प्रारूप की सफेद गेंद क्रिकेट में खुद को किस तरह ढालते हैं। सूर्यवंशी को अभ्यास सत्र के दौरान कुछ गेंदों पर रक्षात्मक होकर खेलते हुए भी देखा गया, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली ही दर्शकों को आकर्षित करने का सबसे बड़ा कारण बनी हुई है।

भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि यह श्रृंखला सूर्यवंशी के लिए लंबे प्रारूप में खुद को परखने का अच्छा अवसर होगी। तिलक ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, "सभी ने देखा है कि वह कितने प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने एकदिवसीय प्रारूप में खेले गये अंडर-19 विश्व कप और खास कर उसके फाइनल में बेहतरीन बल्लेबाजी की थी।"

उन्होंने कहा, "हम यह देखने को लेकर उत्साहित हैं कि वह इस प्रारूप में कैसा प्रदर्शन करते हैं। श्रीलंका की धीमी पिचों पर उनकी भूमिका कुछ अलग होगी, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि वह यहां भी अच्छा करेंगे।" यह दौरा तिलक वर्मा की कप्तानी क्षमता की भी परीक्षा माना जा रहा है। राष्ट्रीय टी20 टीम में भविष्य के कप्तानी विकल्पों में भी उनका नाम चर्चा में रहा है।

तिलक ने कहा, "कप्तान के रूप में मैं काफी आत्मविश्वास से भरा हूं। इससे पहले भी मैं दो श्रृंखलाओं में कप्तानी कर चुका हूं और हमारी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया था। हैदराबाद के लिए दलीप ट्रॉफी में भी कप्तानी का अनुभव मिला है।"

भारतीय टीम मे आईपीएल के कई सितारे शामिल हैं। इनमें उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़, सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य, निशांत सिंधु, विकेटकीपर कुमार कुशाग्र, तथा हरफनमौला सूर्यांश शेडगे शामिल हैं।

गेंदबाजी विभाग में अंशुल कंबोज, अरशद खान, विपराज निगम, युधवीर सिंह, यश ठाकुर और अनुकूल रॉय टीम के प्रमुख विकल्प होंगे। त्रिकोणीय श्रृंखला में प्रत्येक टीम अन्य दो टीमों से दो-दो बार खेलेगी। अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें फाइनल में पहुंचेंगी।

इंडिया ए टीम

तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधू, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article