न्यूयॉर्क: स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने रविवार को न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में इटली के यानिक सिनर को चार सेट तक चले मुकाबले में 6-2, 3-6, 6-1 और 6-4 के अंतर से पटखनी देकर पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया। दो घंटे 42 मिनट चले इस मुकाबले में अधिकांश समय अल्कराज का ही दबदबा दिखाई दिया। उन्होंने पहला सेट 6-2 से अपने नाम करके मुकाबले की शुरुआत की। इसके बाद दूसरे सेट में सिनर ने 6-3 से जीत दर्ज करके वापसी कर ली। ऐसे में 22 वर्षीय अल्कराज ने तीसरा और चौथा सेट 6-1 और 6-4 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
यूएस ओपन 2025 पुरुष एकल चैंपियन कार्लोस अल्कराज (फोटो क्रेडिट AP)
अल्कराज ने जीता साल का दूसरा और करियर का छठा खिताब
साल 2025 में यानिक सिनर और कार्लोस अल्कराज के बीच लगातार तीसरे ग्रैंड स्लैम फाइनल में खिताबी भिड़ंत हुई। जिसमें दो बार बाजी कार्लोस अल्कराज के और एक बार यानिक सिनर के हाथ लगी। यानिक सिनर साल 2025 के चारों ग्रैडस्लैम फाइनल में पहुंचे और दो में जीत दर्ज करने में सफल रहे। उ्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन और विंबलडन के पुरुष एकल खिताब अपने नाम किए। वहीं दो बार फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन में अल्कराज सिनर की राह का रोड़ा बन गए। दोनों युवा खिलाड़ियों ने साल के चारों में से 2-2 ग्रैंड स्लैम अपने नाम करने में सफल रहे। यह अल्कराज के करियर का छठा ग्रैंड स्लैम खिताब है।
