BWF World Championships 2026: भारत 17 साल बाद बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय खिलाड़ी नए आत्मविश्वास के साथ इतिहास रचने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगे। भारत ने आखिरी बार 2009 में हैदराबाद में इस चैंपियनशिप की मेजबानी की थी। इस बार आयोजन और भी खास है क्योंकि इस साल इंडिया ओपन में वायु गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठे थे। SAI, BAI और अन्य विभागों ने इस बार विश्व चैंपियनशिप को बेदाग बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। अपने घर में खेलते हुए भारतीय खिलाडियों से देश को मेडल की उम्मीद है।
सात्विक चिराग से पदक की उम्मीद (फोटो साभार- AI Created)
सात्विक-चिराग पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी
पुरुष युगल में पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी से सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं। ये जोड़ी पहले ही 2022 और 2025 में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य जीत चुकी है। इस बार लक्ष्य पोडियम पर फिर से पहुंचना है। उन्हें पहले दौर में बाई मिली है और दूसरे दौर से अभियान शुरू करेंगे। लेकिन राह आसान नहीं है। क्वार्टर में चीन के लियांग वेइकेंग-वांग चांग और सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के मुहम्मद फिक्री-फजर अल्फियन जैसी मजबूत जोड़ियां सामने हो सकती हैं। सबसे बड़ी चिंता सात्विक के कंधे की चोट है जिसकी वजह से वो कुछ टूर्नामेंट मिस कर चुके हैं। दूसरी भारतीय जोड़ी एमआर अर्जुन-हरिहरन अमसाकरुनन भी आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया-पॉल रेनॉल्ड्स के खिलाफ जीत से शुरुआत करना चाहेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- World Badminton Championships: भारत 17 साल बाद कर रहा मेजबानी, रिकॉर्ड छठा मेडल जीतना चाहेंगी सिंधू
पुरुष एकल में युवा जोश
21 साल के आयुष शेट्टी पर सबकी नजर होगी। उनका पहला मुकाबला मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और नंबर 1 शी यु ची से है। आयुष अब तक चीनी खिलाड़ी से तीनों मैच हार चुके हैं, लेकिन घरेलू कोर्ट पर वो उलटफेर की कोशिश करेंगे। 14वीं सीड लक्ष्य सेन ऑस्ट्रिया के कोलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन के खिलाफ खेलेंगे। 2021 में कांस्य जीत चुके लक्ष्य इस बार उस प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे।
महिला और मिक्स्ड डबल्स
महिला युगल में त्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद स्पेन की पाउला लोपेज-लूसिया रोड्रिगेज से भिड़ेंगी। पहली बार खेल रही सिमरन सिंघी-कविप्रिया सेल्वम की जोड़ी का सामना स्पेन की निकोल कारुल्ला-कारमेन मारिया जिमेनेज से होगा। मिक्स्ड डबल्स में 15वीं सीड ध्रुव कपिला-तनीशा क्रास्टो को पहले दौर में बाई मिली है। उन्हें प्री-क्वार्टर में चीन की 6ठी सीड गुओ शिनवा-चेन फांगहुई से भिड़ना पड़ सकता है। रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गड्डे कनाडा की जोड़ी से शुरुआत करेंगे और दूसरे दौर में टॉप सीड फेंग यानझे-हुआंग डोंगपिंग से टकरा सकते हैं।
