स्पोर्ट्स

भवानी देवी के नेतृत्व में एशियन गेम्स में उतरेगी भारतीय तलवारबाजी टीम

एशियन गेम्स 2026 के लिए जो भारतीय तलवारबाजी की टीम घोषित की गई है उसकी अगुआई भवानी देवी करेगी। चयनित सभी खिलाड़ी मंगलवार से 15 सितंबर तक पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में राष्ट्रीय तैयारी शिविर में हिस्सा लेंगे।

Image

भवानी देवी (साभार-X)

ओलंपियन सीए भवानी देवी दो महीने के अंतराल के बाद प्रतिस्पर्धी गतिविधियों में वापसी करते हुए आगामी एशियाई खेलों के लिए चुनी गई 20 सदस्यीय भारतीय तलवारबाजी टीम की अगुवाई करेंगी। भवानी देवी इस साल आयोजित एशियाई सीनियर तलवारबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के बाद आइची-नागोया एशियाई खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगी। चयनित सभी खिलाड़ी मंगलवार से 15 सितंबर तक पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में राष्ट्रीय तैयारी शिविर में हिस्सा लेंगे। इसके बाद टीम 16 सितंबर को सीधे आइची-नागोया रवाना होगी जहां प्रतियोगिता से पहले परिस्थितियों से अभ्यस्त होने की तैयारी की जाएगी।

भारतीय तलवारबाजी संघ (एफएआई) की चयन समिति ने राष्ट्रीय रैंकिंग और इस साल प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया। इनमें एशियाई सीनियर तलवारबाजी चैंपियनशिप, विश्व तलवारबाजी चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप शामिल हैं।

टीम में तीनों वर्गों फॉयल, एपी और साबरे में मजबूत खिलाड़ी शामिल हैं। एपी वर्ग में महिलाओं की टीम में तनिक्षा खत्री और प्राची लोहान प्रमुख दावेदार होंगी। दोनों ने राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में क्रमश: स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर प्रभावित किया था।

राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में पुरुष साबरे में स्वर्ण पदक जीतने वाले करण सिंह गुर्जर के प्रदर्शन से इस वर्ग में भारत की पदक की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। वहीं तेजस मनोज पाटिल ने पुरुष फॉयल में अपना स्थान पक्का किया है। उन्होंने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था और इस प्रतियोगिता के सीनियर फॉयल वर्ग में पदक जीतने वाले पहले भारतीय तलवारबाज बने थे। एफएआई के महासचिव राजीव मेहता ने टीम की तैयारियों और पदक की संभावनाओं पर भरोसा जताया। उन्होंने बताया कि टीम 16 सितंबर को आइची-नागोया के लिए रवाना होगी।

भारतीय तलवारबाजी टीम:

फॉयल:

पुरुष: सचिन, सनासम हेमाश सिंह, आदित्य, तेजस मनोज पाटिल।

महिला: जॉयस अशिता स्टालिनराज, नोरेम मीना देवी, कनुप्रिया चावला, सोनिया देवी वाइखोम।

एपी:

महिला: तनिक्षा खत्री, प्राची लोहान, मितवा चौधरी, यशकीरत कौर, हायर।

साबरे:

पुरुष: करण सिंह, गिशो निधि केपी, लक्ष्य बादसर, विशाल थापर।

महिला: भवानी देवी सीए, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जे एस, श्रुति जोशी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article