बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया में सत्ता का गजब संघर्ष, प्रेसिडेंट और सेक्रेटरी जनरल ने एक दूसरे को निलंबित कर दिया

BFI Power Struggle: बीएफआई (बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) में सत्ता का संघर्ष एक अजब मोड़ पर पहुंच गया जब बुधवार को प्रेसिडेंट अजय सिंह और सेक्रेटरी जनरल प्रमोद कुमार ने एक-दूसरे को निलंबित कर दिया।

बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया में सत्ता का संघर्ष और तेज हो गया, जब प्रेसिडेंट अजय सिंह और सेक्रेटरी जनरल प्रमोद कुमार ने एक-दूसरे को सस्पेंड कर दिया। दोनों ने फेडरेशन के संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाया। अजय सिंह ने मंगलवार को कुमार को सस्पेंड कर दिया था। उन पर कथित वित्तीय गड़बड़ी, जांच में सहयोग न करने और अधिकार के दुरुपयोग का आरोप था। बुधवार को कुमार ने सिंह को सस्पेंड करने का जवाबी आदेश जारी किया। यह आदेश अविश्वास प्रस्ताव के नतीजे तक लागू रहना था, जिसे वह 28 अक्टूबर को होने वाली स्पेशल जनरल मीटिंग (SGM) में लाने की योजना बना रहे थे। उन्होंने दावा किया था कि अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए उन्हें ज़्यादातर संबद्ध राज्य इकाइयों का समर्थन हासिल है।

Boxing Federation Of India Power Struggle

बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया में सत्ता का संघर्ष तेज हुआ (X)

कुमार ने आरोप लगाया कि 8 अक्टूबर को 'सीज़-एंड-डेसिस्ट' नोटिस मिलने के बावजूद सिंह फेडरेशन पर अपना कार्यकारी नियंत्रण बनाए हुए थे।हालांकि, सिंह ने अपने सस्पेंशन को खारिज कर दिया और इसे "अनाधिकृत और बिना किसी संवैधानिक आधार के" बताया। BFI की एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया, "संविधान सेक्रेटरी जनरल को प्रेसिडेंट को सस्पेंड करने का स्वतंत्र अधिकार नहीं देता है। इसलिए, BFI इस दावे को खारिज करता है कि सिर्फ़ सेक्रेटरी जनरल के अधिकार से जारी कोई पत्र अपने आप में मौजूदा प्रेसिडेंट को सस्पेंड कर सकता है।"

End of Feed