स्पोर्ट्स

दुनिया तैयारः क्या 5 लाख की आबादी वाला देश FIFA वर्ल्ड कप में अमर हो जाएगा, या मेस्सी-अर्जेंटीना की दहाड़ काफी होगी, कितने बजे मुकाबला

Argentina vs Cabo Verde, FIFA World Cup 2026 Preview: फीफा वर्ल्ड कप में आज भारतीय समय के मुताबिक देर रात जो मुकाबला होना है उसकी गवाह दुनिया बनना चाहेगी। आमने-सामने होंगी लियोनेल मेस्सी की विश्व चैंपियन अर्जेंटीना और पहली बार फीफा विश्व कप खेलने पहुंचा 5 लाख की आबादी वाला छोटा सा देश केप वर्दे, जिसने राउंड ऑफ 32 तक का सफर तय करके सबको चौंका दिया है। यहां जानिए इस मैच से जुड़ी खास बातें और कितने बजे शुरू होगा मैच।

Image

अर्जेंटीना और केप वर्दे के मैच पर दुनिया की नजरें

Photo : AP

FIFA World Cup 2026, Argentina vs Cabo Verde Preview: अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के पास विश्व कप खिताब हैं, दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी है, फुटबॉल का समृद्ध इतिहास है और सितारों से भरी टीम भी। लेकिन केप वर्दे के पास इनमें से कुछ नहीं है। बस हौसला और जज्बा है, कि एक 5 लाख की आबादी वाला छोटा सा देश पहली बार फीफा विश्व कप खेलने आया, राउंड ऑफ 32 तक पहुंचा और अब मौजूदा विश्व चैंपियन टीम और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को चुनौती देगा। भारतीय समय के मुताबिक ये मैच आज देर रात 3:30 बजे शुरू होगा।

विश्व कप में अंतिम 32 के इस बेमेल मुकाबले में हार्ड रॉक स्टेडियम पर गत चैम्पियन अर्जेंटीना एक ऐसी टीम से भिड़ेगी जिसके पास खोने के लिये कुछ नहीं है। उसे अपेक्षाओं के बोझ से भी नहीं जूझना है। केप वर्दे के बैकअप डिफेंडर लानिक दोस सांतोस तावारेस ने कहा, "मुझे लगता है कि हम यहां कमाल कर सकते हैं।"

अगर केप वर्दे जीत जाता है तो ये फुटबॉल ही नहीं बल्कि खेल के इतिहास के सबसे बड़े उलटफेर में से एक होगा। इससे पहले मॉस्को ओलंपिक 1980 में ऐसा ही चमत्कार देखने को मिला था जब अमेरिका की युवा आइस हॉकी टीम ने अपराजेय मानी जा रही सोवियत संघ की टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।

जब टूर्नामेंट के ड्रॉ निकाले गए थे तो अर्जेंटीना को इस दौर में स्पेन या उरूग्वे से भिड़ने की उम्मीद थी। ग्रुप जे में शीर्ष पर रही तीन बार की चैम्पियन अर्जेंटीना ग्रुप एच की उपविजेता से भिड़ने वाली थी जो स्पेन या उरूग्वे हो सकते थे। लेकिन फिर आया केप वर्दे। पांच लाख की आबादी वाला छोटा सा देश जिसके 40 बरस के गोलकीपर वोजिन्हा ने कमाल कर दिया। उनकी मां को ग्रुप चरण के मैच देखने अमेरिका का वीजा लेने के लिये काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इस टीम ने स्पेन जैसे दिग्गज को ड्रॉ पर रोककर सनसनी फैला दी।

फीफा वर्ल्ड कप 2010 चैम्पियन स्पेन नॉकआउट में पहुंचा लेकिन दो बार का चैम्पियन उरूग्वे नहीं। केप वर्दे को मेस्सी की अर्जेंटीना से खेलने का मौका मिला। केप वर्दे के कोच बुबिस्ता ने कहा, "हमारे इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला। हम इसका पूरा मजा लेंगे। हम तुक्के में यहां तक नहीं पहुंचे हैं बल्कि अच्छा खेलकर आये हैं। हम दुनिया को दिखा देना चाहते हैं कि केप वर्दे के फुटबॉल में कितना दम है।" केप वर्दे ने एक भी मैच नहीं जीता है और तीन ड्रॉ के दम पर यहां तक पहुंची है। वहीं अर्जेंटीना ने तीनों मैच जीते हैं और तीनों में मेस्सी ने गोल दागे हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article