फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में लियोनेल मेसी के जादू ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को सबसे बड़े उलटफेर से बचाते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। 78 मिनट तक 0-2 से पिछड़ने वाली अर्जेंटीना ने यह मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया। अर्जेंटीना की ओर से पहला गोल क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में दागा। इससे पहले की मिस्र की डिफेंस कुछ समझ सकती, 83वें मिनट में लियोनेल मेसी ने गोल दाग कर अर्जेंटीना को बराबरी दिला दी। रेगुलशन टाइम तक दोनों टीम 2-2 की बराबरी पर थी और तभी 92वें मिनट में एंजो फर्नांडिज की हेडर ने अर्जेंटीना को क्वार्टर फाइनल का टिकट दिला दिया।
इससे पहले, राउंड ऑफ 16 के इस मैच में मिस्र ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 15वें मिनट में ही गोल दागकर चौंका दिया। मिस्र की ओर से पहला गोल यासिर इब्राहिम ने किया। अर्जेंटीना के पास 5 मिनट के भीतर ही बराबरी करने का मौका था, लेकिन लियोनेल मेसी पेनेल्टी चूक गए। यह इस वर्ल्ड कप में दूसरा मौका था, जब मेसी पेनेल्टी चूके। हाफ टाइम तक स्कोर मिस्र के पक्ष में 1-0 रहा। अर्जेंटीना ने बराबरी का गोल करने की पूरी कोशिश की, लेकिन मिस्र ने अपने गोलकीपर मुस्तफा शोबीर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अपनी बढ़त बरकरार रखी। इस दौरान शोबीर ने कुछ बेहतरीन बचाव किए। अर्जेंटीना एक तरफ जहां वापसी की कोशिश में लगी थी, वहीं मिस्र के मुस्तफा जिको ने हाइड्रेशन ब्रेक से ठीक पहले 67वें मिनट में एक और गोल दागकर अर्जेंटीना को सबसे बड़ा आघात दिया। ऐसा लग रहा था कि अर्जेंटीना और मेसी का सफर यहीं खत्म हो जाएगा और अटलांटा के दर्शक सबसे बड़े उलटफेर का गवाह बन जाएंगे, लेकिन फिर चला मेसी का जादू।
मेसी के जादू से अर्जेंटीना ने की शानदार वापसी
मैच के 79वें मैच में लियोनेल मेसी के एक बेहतरीन पास क्रिस्टियन रोमेरो को परोसा और उन्होंने शानदार हेडर दाग कर अर्जेंटीना की डूबती नैया को तिनके का सहारा दे दिया। वक्त कम था और ठीक 4 मिनट बाद कप्तान मेसी ने गोल दागकर टीम को बराबरी पर पहुंचा दिया। मिस्र के खिलाड़ी मेसी के इस गोल से हैरान थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि ये हो क्या रहा है। इससे पहले कि वो कुछ सोच पाते एडेड टाइम में 92वें मिनट में एंजो फर्नांडिज ने अर्जेंटीना की जीत पर मुहर लगा दिया। क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना का सामना कोलंबिया बनाम स्विटजरलैंड के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
