स्पोर्ट्स

ब्राजील के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम ने दी बड़ी कुर्बानी, FIFA ASEAN कप से वापस लिया नाम

FIFA Asean Cup: पहली बार होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत को गैर-ASEAN टीम के तौर पर न्योता मिला था। शुरुआत में AIFF ने हामी भी भरी थी और भारत को डिवीजन-1 के ग्रुप A में इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर के साथ रखा गया था।

Image

भारत बनाम ब्राजील फ्रेंडली मैच (फोटो साभार- AI Creation)

FIFA Asean Cup: अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने भारत की सीनियर टीम को अक्टूबर में होने वाले पहले FIFA ASEAN कप से वापस ले लिया है। इसकी वजह पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मैत्री मैच है। AIFF के उप महासचिव एम. सत्यनारायणन ने बृहस्पतिवार को PTI से कहा, "हमने FIFA ASEAN कप से नाम वापस ले लिया है क्योंकि हम ब्राजील और ASEAN कप दोनों में नहीं खेल सकते। हमने ब्राजील मैच को प्राथमिकता दी है।"

गैर-ASEAN टीम के तौर पर मिला था न्योता

पहली बार होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत को गैर-ASEAN टीम के तौर पर न्योता मिला था। शुरुआत में AIFF ने हामी भी भरी थी और भारत को डिवीजन-1 के ग्रुप A में इंडोनेशिया, मलेशिया और सिंगापुर के साथ रखा गया था। टूर्नामेंट 21 सितंबर से 6 अक्टूबर तक FIFA की इंटरनेशनल विंडो में होना है। लेकिन 3 अक्टूबर को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में ब्राजील के खिलाफ मैच पहले से तय था। शेड्यूल टकराने के कारण AIFF के पास एक ही विकल्प बचा। संघ ने पहले डेवलपमेंटल टीम भेजने पर भी विचार किया था, लेकिन अब पूरी टीम को वापस लेकर उस विंडो में मैत्री मैच खेलने का फैसला किया है। ब्राजील मैच की घोषणा पिछले महीने ही हुई थी।

अब नजर वर्ल्ड कप टीमों पर

सूत्रों के मुताबिक AIFF अब 2026 FIFA विश्व कप में खेलने वाली टीमों से मैत्री मैच कराने की कोशिश में है। केप वर्दे और ईरान के नाम चर्चा में हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह फैसला AIFF की जनवरी में बनी योजना से उलट है, जब उसने ASEAN कप का न्योता स्वीकार कर करार पर साइन किया था। भारत 2027 AFC एशियन कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया है और पिछले कुछ सालों में उसे टॉप टीमों से खेलने के मौके भी कम मिले हैं। ऐसे में ब्राजील जैसा मैच भारतीय फुटबॉल के लिए बड़ा एक्सपोजर माना जा रहा है।

ISL मीडिया राइट्स पर भी संकट

इसी बीच ISL के मीडिया अधिकारों को लेकर भी चिंता है। 4 सितंबर से शुरू हो रहे 2025-26 सीजन के लिए 12 अगस्त को बोली की आखिरी तारीख थी। सूत्रों के अनुसार सिर्फ एक डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने बोली लगाई है, जिसके पास टीवी चैनल नहीं है। पिछले सीजन में फैनकोड के पास डिजिटल राइट्स थे और टीवी राइट्स सोनी के पास। टीवी प्रसारण न होने से लीग की पहुंच प्रभावित हो सकती है। AIFF और क्लब अब इस पर फैसला लेंगे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article