Surya Nakshatra Gochar 2026: सूर्य ने 31 अगस्त 2026 की सुबह 4 बजकर 04 मिनट पर पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश कर लिया है। इस समय सूर्य अपनी ही राशि सिंह में मौजूद हैं। पूर्वाफाल्गुनी शुक्र के स्वामित्व वाला नक्षत्र है और सिंह राशि के इसी हिस्से में सूर्य का यह नक्षत्र गोचर हो रहा है। सूर्य पूर्वाफाल्गुनी के चारों चरणों से गुजरते हुए 13 सितंबर की रात उत्तराफाल्गुनी के पहले चरण में प्रवेश करेंगे। वहीं, 31 अगस्त को सुबह 4:04 बजे सूर्य नें पूर्वाफाल्गुनी के प्रथम चरण में प्रवेश कर लिया है।
यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सूर्य इस समय किसी कमजोर राशि में नहीं, बल्कि अपनी ही राशि सिंह में हैं। दूसरी तरफ जिस नक्षत्र में सूर्य पहुंचे हैं, उसके स्वामी शुक्र हैं और 2 सितंबर को शुक्र भी तुला राशि में अपने ही घर में प्रवेश कर रहे हैं। यानी सूर्य के पूर्वाफाल्गुनी में आने के तुरंत बाद नक्षत्र स्वामी शुक्र की स्थिति भी मजबूत हो रही है। ज्योतिषीय दृष्टि से यही वह संयोजन है जो इस नक्षत्र परिवर्तन को सामान्य सूर्य गोचर से ज्यादा असरदार बनाता है।
ग्रहों की अपनी चाल में बदलाव का असर खासकर करियर, पद-प्रतिष्ठा, पब्लिक इमेज, धन, नेटवर्क, बिजनेस, क्रिएटिव क्षेत्र और रिश्तों पर दिखाई दे सकता है। राशि अनुसार देखें तो मेष, मिथुन, तुला, वृश्चिक, धनु और सिंह राशि वालों को इस गोचर से सबसे ज्यादा लाभ के संकेत मिल रहे हैं।
क्यों बदल सकती है ग्रहों की दिशा
सूर्य अभी सिंह राशि में हैं और इसी वजह से उनका राशि बल पहले से ही मजबूत है। अब पूर्वाफाल्गुनी में आने के बाद उनके परिणामों में शुक्र का प्रभाव जुड़ गया है। इससे सूर्य की ऊर्जा सिर्फ पद और अधिकार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संपर्कों, आकर्षण, सुविधाओं, रचनात्मकता, सामाजिक पहचान और कारोबारी रिश्तों के जरिए भी परिणाम दे सकती है। यह बदलाव खासकर उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है जिनके काम में लोगों से संपर्क, पब्लिक इमेज या अपने नाम से पहचान बनाना शामिल है।
मीडिया, राजनीति, मनोरंजन, डिजाइन, फैशन, मार्केटिंग, मैनेजमेंट और पब्लिक डीलिंग वाले क्षेत्र इस दौरान अधिक सक्रिय रह सकते हैं। इस गोचर की एक और बड़ी ताकत यह है कि सूर्य के साथ अभी बुध भी सिंह राशि में मौजूद हैं। ऐसे में कम्युनिकेशन और निर्णय क्षमता का असर सूर्य की सत्ता और प्रतिष्ठा वाली ऊर्जा से जुड़ जाता है। यह संयोजन इंटरव्यू, मीटिंग, प्रेजेंटेशन, नेतृत्व और अपनी बात प्रभावशाली तरीके से रखने के मामलों में फायदा दे सकता है।
2 सितंबर के बाद बढ़ेगा इस गोचर का असर
सूर्य के पूर्वाफाल्गुनी में पहुंचने के सिर्फ दो दिन बाद 2 सितंबर को शुक्र तुला राशि में प्रवेश करेंगे। नक्षत्र स्वामी का अपनी ही राशि में मजबूत होना सूर्य के पूर्वाफाल्गुनी गोचर के परिणामों को और सहारा देगा। यही कारण है कि 2 सितंबर के बाद इस गोचर का प्रभाव ज्यादा स्पष्ट दिखाई दे सकता है।
कारोबारी लोगों को नए संपर्क मिल सकते हैं। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात काम आ सकती है। नौकरी करने वालों को वरिष्ठ अधिकारियों का समर्थन मिल सकता है। पब्लिक इमेज बेहतर करने के मौके बन सकते हैं। यह समय सिर्फ पैसा कमाने का नहीं बल्कि नाम और पैसा दोनों बनाने का भी हो सकता है।
सबसे मजबूत स्थिति में रहेंगी ये पांच राशियां
इस गोचर से तुला, वृश्चिक, मेष, सिंह और मिथुन सबसे ज्यादा मजबूत स्थिति में रहेंगी। तुला को लाभ भाव, मजबूत शुक्र और आगे आने वाले बुध गोचर का समर्थन मिलेगा। वृश्चिक को दशम भाव का सीधा बल मिलेगा। मेष को पंचम भाव से प्रतिभा और करियर लाभ, मिथुन को तीसरे भाव से कम्युनिकेशन और प्रयास का फायदा मिलेगा।
सिंह को स्वयं सूर्य की राशि में मजबूत स्थिति का सीधा लाभ प्राप्त होगा। धनु राशि भी इस सूची में पीछे नहीं है। नवम भाव सक्रिय होने के कारण भाग्य और करियर दोनों में सहयोग मिल सकता है। इसके साथ ही आइए जानते हैं कि सभी 12 राशियों और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों पर इसका क्या असर होगा।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए सिंह पंचम भाव है और सूर्य पंचम भाव के स्वामी होकर अपनी ही राशि में हैं। अब पूर्वाफाल्गुनी के शुक्र प्रभाव के साथ सूर्य की यह स्थिति शिक्षा, प्रतिभा, क्रिएटिविटी, प्रेम और निर्णय क्षमता के क्षेत्र को मजबूत कर रही है। जो लोग पढ़ाई कर रहे हैं, खासकर प्रतियोगी परीक्षा, मैनेजमेंट, मीडिया, डिजाइन या क्रिएटिव क्षेत्र में हैं, उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अच्छा अवसर मिल सकता है। किसी प्रतियोगिता या इंटरव्यू में प्रदर्शन बेहतर हो सकता है।
करियर में भी ऐसा प्रोजेक्ट मिल सकता है जिसमें आपकी व्यक्तिगत प्रतिभा सामने आए। बिजनेस करने वालों के लिए ब्रांडिंग, सोशल मीडिया, प्रचार और ग्राहकों से जुड़ने का समय अच्छा रहेगा। प्रेम जीवन में भी सकारात्मकता बढ़ सकती है। अविवाहित लोगों की किसी खास व्यक्ति से बातचीत आगे बढ़ सकती है। शादीशुदा लोगों के बीच संवाद बेहतर रहेगा।
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए सिंह चतुर्थ भाव है। सूर्य यहां घर, प्रॉपर्टी, वाहन और पारिवारिक स्थिति को सक्रिय करेंगे। पूर्वाफाल्गुनी का शुक्र प्रभाव वृषभ वालों के लिए खास महत्व रखता है क्योंकि शुक्र उनकी राशि के स्वामी हैं। प्रॉपर्टी खरीदने, घर में बदलाव करने या वाहन से जुड़े काम में प्रगति हो सकती है। करियर के साथ परिवार को समय देना जरूरी होगा। घर से काम करने या पारिवारिक बिजनेस से जुड़े लोगों को फायदा मिल सकता है।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लिए सिंह तीसरा भाव है। सूर्य का यहां गोचर पहले से ही प्रयास, साहस और कम्युनिकेशन को सक्रिय कर रहा है। अब पूर्वाफाल्गुनी का प्रभाव इसमें पब्लिक डीलिंग और रचनात्मक सोच जोड़ रहा है। मीडिया, पत्रकारिता, डिजिटल कंटेंट, मार्केटिंग, सेल्स, विज्ञापन और लेखन से जुड़े लोगों के लिए यह समय विशेष रूप से अच्छा हो सकता है।
कोई पुराना आइडिया अब काम का रूप ले सकता है। नौकरी में आपकी बात वरिष्ठ लोगों तक पहुंचेगी और अपने काम के लिए समर्थन हासिल करना आसान होगा। बिजनेस करने वाले लोग नए क्लाइंट और नए बाजार से जुड़ सकते हैं। छोटी यात्रा या मीटिंग के जरिए बड़ा कारोबारी फायदा मिलने की संभावना बन सकती है।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए सिंह दूसरा भाव है। सूर्य यहां धन, बचत, परिवार और वाणी के क्षेत्र को सक्रिय करेंगे। आर्थिक मामलों में कोई महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। नौकरी में आय बढ़ाने की कोशिश सफल हो सकती है। बिजनेस में बातचीत और नेगोशिएशन से फायदा होगा। हालांकि सूर्य की गर्म प्रकृति के कारण बोलते समय संयम रखना जरूरी होगा, वरना परिवार या पार्टनर के साथ विवाद हो सकता है।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह गोचर सीधे आपकी राशि पर हो रहा है। सूर्य आपकी राशि के स्वामी हैं और अपनी ही राशि में मजबूत हैं। अब पूर्वाफाल्गुनी का शुक्र प्रभाव जुड़ने से पर्सनैलिटी, सोशल इमेज और लोगों पर प्रभाव डालने की क्षमता बढ़ सकती है। नौकरी में अधिकारियों का ध्यान आपकी ओर आएगा। जिम्मेदारी बढ़ सकती है और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की कमान मिल सकती है।
जो लोग लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए सितंबर के शुरुआती दिनों में अच्छी खबर मिल सकती है। बिजनेस करने वाले लोगों को अपने ब्रांड और नाम पर काम करने से फायदा मिलेगा। हालांकि इस दौरान अहंकार और हर बात को अपने तरीके से करने की जिद से बचना जरूरी होगा। सूर्य मजबूत है, इसलिए नेतृत्व मिलेगा, लेकिन नेतृत्व को सहयोग में बदलना आपके लिए ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए सिंह बारहवां भाव है। सूर्य का यह गोचर खर्च, विदेश, यात्रा और दूर स्थान के मामलों को सक्रिय कर सकता है। पूर्वाफाल्गुनी का शुक्र प्रभाव यहां लग्जरी और सुख-सुविधाओं पर खर्च भी बढ़ा सकता है। जो लोग विदेश में काम करते हैं या विदेशी कंपनियों से जुड़े हैं, उन्हें नया अवसर मिल सकता है। मल्टीनेशनल कंपनी, ऑनलाइन बिजनेस या दूर स्थान के क्लाइंट से फायदा मिल सकता है।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए सिंह ग्यारहवां भाव है। ग्यारहवां भाव आय, लाभ, नेटवर्क और बड़े संपर्कों से जुड़ा है। सूर्य यहां जाकर आपकी आमदनी और प्रभावशाली लोगों से संबंधों को सक्रिय कर रहे हैं। ऊपर से 2 सितंबर को शुक्र आपकी राशि में प्रवेश कर रहे हैं। यह संयोजन तुला राशि के लिए बहुत मजबूत बनता है।
नौकरी में वेतन वृद्धि, इंसेंटिव, बोनस या नई जिम्मेदारी के साथ आर्थिक फायदा मिल सकता है। बिजनेस करने वालों को बड़े क्लाइंट और प्रभावशाली संपर्क मिल सकते हैं। कोई ऐसा व्यक्ति नेटवर्क में जुड़ सकता है जो आगे चलकर आपके करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित हो। सरकारी या बड़े संस्थान से काम जुड़ने की संभावना भी बढ़ सकती है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए सिंह दसवां भाव है। यही इस गोचर की सबसे मजबूत स्थितियों में से एक है। सूर्य दसवें भाव में अपने ही राशि क्षेत्र में जाकर करियर, पद और प्रोफेशनल पहचान को मजबूत कर रहे हैं। अब पूर्वाफाल्गुनी का प्रभाव आपकी प्रोफेशनल इमेज में आकर्षण और लोगों के साथ तालमेल बढ़ाएगा।
ऑफिस में आपकी बात सुनी जाएगी। नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। वरिष्ठ अधिकारी आपके काम से प्रभावित हो सकते हैं। बिजनेस करने वालों के लिए भी यह समय ब्रांड और प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला है। आपका नाम बाजार में मजबूत हो सकता है। कोई बड़ा प्रोजेक्ट या प्रभावशाली क्लाइंट जुड़ सकता है। वृश्चिक राशि के लिए सितंबर की शुरुआत करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है, खासकर अगर जन्मकुंडली में सूर्य पहले से मजबूत हो।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए सिंह नवम भाव है। सूर्य यहां भाग्य, उच्च शिक्षा, गुरु, लंबी यात्रा और बड़े अवसरों को सक्रिय करते हैं। पूर्वाफाल्गुनी के शुक्र प्रभाव से विदेश, पर्यटन, शिक्षा, मीडिया और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े कामों में अवसर मिल सकते हैं। जो लोग नौकरी में प्रमोशन या बेहतर पोस्ट की तलाश कर रहे हैं, उन्हें वरिष्ठ व्यक्ति का समर्थन मिल सकता है।
करियर में किसी गुरु या प्रभावशाली व्यक्ति की मदद मिल सकती है। बिजनेस करने वालों के लिए दूसरे शहर, दूसरे राज्य या विदेशी संपर्क से फायदा मिल सकता है। किसी नई जगह पर काम शुरू करने की योजना भी आगे बढ़ सकती है।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए सिंह आठवां भाव है। सूर्य का यह गोचर अचानक बदलाव, साझा धन और करियर में नई दिशा का संकेत देता है। अगर पार्टनरशिप में काम करते हैं तो वित्तीय मामलों को स्पष्ट रखना जरूरी होगा। इस दौरान पुराने आर्थिक मामले का समाधान हो सकता है, लेकिन किसी दूसरे के भरोसे बड़ा निवेश करने से पहले पूरी जांच जरूरी है।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए सिंह सातवां भाव है। सूर्य का यहां गोचर बिजनेस पार्टनरशिप, क्लाइंट और पब्लिक डीलिंग को सक्रिय करेगा।
बिजनेस करने वालों को नए क्लाइंट मिल सकते हैं। किसी प्रभावशाली व्यक्ति के साथ काम करने का अवसर बन सकता है। विवाह योग्य लोगों के लिए भी रिश्ता आगे बढ़ सकता है। हालांकि बिजनेस पार्टनर के साथ अधिकार को लेकर टकराव से बचना होगा।
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए सिंह छठा भाव है। सूर्य यहां प्रतियोगिता और नौकरी से जुड़े मामलों को सक्रिय करते हैं। ऑफिस में विरोधियों पर बढ़त मिल सकती है। सरकारी नौकरी या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए भी यह समय मेहनत बढ़ाने वाला है।कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी बढ़ सकती है। अगर किसी कानूनी या ऑफिस विवाद का सामना कर रहे हैं तो तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ने से स्थिति आपके पक्ष में आ सकती है।
इन क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है सबसे ज्यादा असर
सूर्य का पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में जाना खासकर मीडिया, मनोरंजन, कला, डिजाइन, फैशन, विज्ञापन, मार्केटिंग, राजनीति, पब्लिक रिलेशन, मैनेजमेंट और क्लाइंट आधारित बिजनेस के लिए महत्वपूर्ण समय बना सकता है।
सिंह में सूर्य और बुध की मौजूदगी कम्युनिकेशन को ताकत देती है, जबकि पूर्वाफाल्गुनी का शुक्र प्रभाव प्रस्तुति, आकर्षण और सामाजिक संपर्क को बढ़ाता है। ऐसे में जिन लोगों का काम लोगों के सामने खुद को और अपने काम को प्रभावशाली तरीके से पेश करने पर निर्भर है, उन्हें अधिक फायदा मिल सकता है।
करियर में क्या हो सकता है बड़ा बदलाव
सूर्य का यह नक्षत्र परिवर्तन नौकरी करने वालों को अपनी भूमिका बदलने या बड़ी जिम्मेदारी लेने का अवसर दे सकता है। खासकर मेष, सिंह, तुला, वृश्चिक और धनु राशि वालों के लिए प्रमोशन, नई भूमिका, टीम लीड करने या किसी बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ने के संकेत मजबूत हैं। अगर कोई व्यक्ति पिछले कुछ समय से अपने काम में पहचान नहीं बना पा रहा था तो अब उसे अपनी योग्यता दिखाने का मौका मिल सकता है। यह समय सिर्फ मेहनत का नहीं बल्कि अपनी मेहनत की पहचान कराने का है।
बिजनेस वालों के लिए क्या हैं संकेत
बिजनेस में पूर्वाफाल्गुनी का प्रभाव सबसे ज्यादा ग्राहक, ब्रांड और नेटवर्क के स्तर पर दिखाई दे सकता है। नए क्लाइंट बनाने और पुराने क्लाइंट को दोबारा जोड़ने का समय अच्छा है। शुक्र के तुला में आने के बाद यह प्रभाव और मजबूत होगा। इस कारण 2 सितंबर के बाद कारोबारी लोग नई मार्केटिंग रणनीति, ब्रांडिंग और पब्लिक डीलिंग पर जोर दें। जिनका कारोबार फैशन, ब्यूटी, डिजाइन, होटल, मीडिया, मनोरंजन या लग्जरी उत्पादों से जुड़ा है, उन्हें इस दौरान विशेष लाभ मिल सकता है।
धन के मामले में किसे होगा ज्यादा फायदा
आर्थिक दृष्टि से तुला, सिंह, कर्क और वृश्चिक राशि वालों के लिए यह गोचर महत्वपूर्ण रह सकता है। तुला को लाभ भाव सक्रिय होने का फायदा मिलेगा, सिंह को धन और व्यक्तिगत प्रभाव का, कर्क को आय-बचत की सक्रियता का और वृश्चिक को कर्मक्षेत्र से आर्थिक उन्नति का मौका मिलेगा। किसी पुराने काम से पैसा आ सकता है। नौकरी में वेतन या प्रोत्साहन से जुड़ी खबर मिल सकती है। बिजनेस में नए ग्राहक या बड़े ऑर्डर से आय बढ़ सकती है।
क्या है इस गोचर का कमजोर पक्ष
सूर्य अपनी राशि में मजबूत हैं, इसलिए आत्मविश्वास बढ़ेगा, लेकिन यही आत्मविश्वास कुछ लोगों में अहंकार और जिद का रूप भी ले सकता है। खासकर सिंह, वृश्चिक और कुंभ राशि वालों को अपने अधिकारियों, पार्टनर या सहकर्मियों से बातचीत में इस बात का ध्यान रखना होगा। पार्टनरशिप में 'मेरी बात ही सही है' वाला रवैया नुकसान दे सकता है। कारोबारी मामलों में बहुत ज्यादा दिखावा करने से भी बचें। पूर्वाफाल्गुनी सुख-सुविधाओं और आकर्षण से जुड़ा नक्षत्र है, इसलिए जरूरत से ज्यादा खर्च भी बढ़ सकता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
