Surya-Arun Labh Yog 2026 : 28 जुलाई 2026 को सूर्य और अरुण (यूरेनस) एक-दूसरे से 60 डिग्री के कोण पर आ गए हैं। पश्चिमी और सूक्ष्म ज्योतिष में इस कोण को सेक्सटाइल (Sextile) कहा जाता है, जबकि भारतीय ज्योतिषीय विश्लेषण में इसे लाभ या त्रिएकादश योग के रूप में देखा जा सकता है। यह ऐसा योग माना जाता है, जो अचानक मिलने वाले अवसरों को मेहनत और सही निर्णय के साथ जोड़ देता है। यानी यह योग बिना प्रयास के फल नहीं देता, बल्कि सही समय पर सही कदम उठाने वालों को आगे बढ़ाता है।
सूर्य और अरुण के लाभ योग से किन राशियों को फायदा होगा
इस समय सूर्य कर्क राशि में पुष्य नक्षत्र के तीसरे चरण में हैं और 30 जुलाई को पुष्य के चौथे चरण में प्रवेश करेंगे। दूसरी ओर अरुण मकर राशि में उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के चौथे चरण में स्थित हैं। पुष्य नक्षत्र अनुशासन, संरक्षण और स्थिर विकास का प्रतीक है, जबकि उत्तराषाढ़ा स्थायी सफलता, नेतृत्व और दीर्घकालीन उपलब्धियों से जुड़ा माना जाता है। इसलिए यह योग केवल तात्कालिक लाभ नहीं, बल्कि भविष्य में मजबूत स्थिति बनाने वाले अवसर दे सकता है।
पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, सूर्य आत्मविश्वास, नेतृत्व, प्रशासन और पहचान के कारक हैं, जबकि अरुण नई सोच, टेक्नोलॉजी, रिसर्च, बदलाव और अप्रत्याशित अवसरों का ग्रह माना जाता है। जब दोनों 60 डिग्री का शुभ संबंध बनाते हैं, तब व्यक्ति को ऐसे अवसर मिल सकते हैं जो पहले उसकी योजना का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इन अवसरों का लाभ वही लोग उठा पाएंगे जो पुराने तरीके छोड़कर समय के साथ खुद को बदलने के लिए तैयार होंगे। ग्रहों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कुछ राशि वालों पर इस योग का सबसे सकारात्मक प्रभाव दिखाई देता है। आइए जानते हैं कि वे कौन सी राशियां हैं, जिनके लिए यह योग शुभ रहेगा।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए सूर्य अभी लग्न भाव में गोचर कर रहे हैं। लग्न व्यक्ति की पर्सनैलिटी, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और जीवन की दिशा से जुड़ा होता है। वहीं अरुण आपकी राशि से सप्तम भाव में हैं, जो बिजनेस पार्टनरशिप, क्लाइंट, पब्लिक डीलिंग और प्रोफेशनल रिश्तों का भाव है। लाभ योग इन दोनों भावों के बीच ऐसा संबंध बना रहा है, जहां आपकी व्यक्तिगत क्षमता और दूसरे लोगों का सहयोग मिलकर नई सफलता का रास्ता खोल सकते हैं।
अगर आप एडमिनिस्ट्रेशन, मीडिया, सरकारी सेवा, मैनेजमेंट, हेल्थ सेक्टर, लॉ या बिजनेस से जुड़े हैं, तो किसी सीनियर, क्लाइंट या नई संस्था से ऐसा प्रस्ताव मिल सकता है जो आने वाले महीनों में आपकी प्रोफेशनल ग्रोथ का आधार बने। यदि आप इंटरव्यू, प्रमोशन या नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहे हैं, तो जुलाई के अंतिम दिनों और अगस्त के पहले सप्ताह में सकारात्मक हलचल दिखाई दे सकती है।
हालांकि इस दौरान केवल आत्मविश्वास के भरोसे कोई बड़ा फैसला लेने से बचें। दूसरे पक्ष की बात भी ध्यान से सुनें। सोमवार को भगवान शिव को जल अर्पित करें और सूर्य को अर्घ्य देना लाभकारी माना जा सकता है।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए सूर्य लाभ भाव में हैं, जबकि अरुण पंचम भाव में स्थित हैं। लाभ भाव इनकम, नेटवर्क और बड़ी उपलब्धियों का होता है, जबकि पंचम भाव नई सोच, क्रिएटिविटी, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं से जुड़ा है। यह योग बता रहा है कि आपकी किसी पुरानी स्किल या आइडिया को अब सही मंच मिल सकता है। अगर आप आईटी, डेटा, एजुकेशन, डिजिटल मार्केटिंग, डिजाइनिंग, रिसर्च, कंटेंट या स्टार्टअप सेक्टर में काम कर रहे हैं, तो किसी पुराने संपर्क के माध्यम से नया प्रोजेक्ट मिलने की संभावना है। कई लोगों को ऐसी मीटिंग या कॉल मिल सकती है जो आगे चलकर बड़ा अवसर साबित हो, लेकिन एक गलती से बचना जरूरी होगा। हर ऑफर को तुरंत स्वीकार करने के बजाय उसकी लंबी अवधि की संभावनाओं को जरूर परखें। बुधवार को गणेश जी की पूजा करें और जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टेशनरी दान करना शुभ माना जाता है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि से सूर्य नवम भाव में और अरुण तृतीय भाव में स्थित हैं। नवम भाव भाग्य, गुरु, उच्च शिक्षा और लंबी यात्राओं का होता है, जबकि तृतीय भाव साहस, कम्युनिकेशन, मार्केटिंग और नए प्रयासों का है। यह योग साफ संकेत देता है कि भाग्य तभी सक्रिय होगा जब आप खुद पहल करेंगे।
अगर आप प्रतियोगी परीक्षा, विदेश में पढ़ाई, पब्लिशिंग, रिसर्च, डिजिटल मीडिया, ट्रेनिंग या ऑनलाइन बिजनेस से जुड़े हैं, तो इस दौरान कोई ऐसा अवसर मिल सकता है जिसे पहले आपने गंभीरता से नहीं लिया था। यदि आप किसी नई स्किल को सीखने की सोच रहे हैं, तो यही सही समय हो सकता है।
हालांकि केवल योजना बनाकर बैठना इस योग का पूरा लाभ नहीं देगा। जो लोग तुरंत एक्शन लेंगे, उन्हें बेहतर परिणाम मिलने की संभावना ज्यादा रहेगी। मंगलवार को हनुमान जी के दर्शन करें और शिवलिंग पर जल चढ़ाएं।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए सूर्य सप्तम भाव में और अरुण आपकी ही राशि में स्थित हैं। इसका मतलब है कि आपकी प्रोफेशनल इमेज और व्यक्तिगत निर्णय एक साथ एक्टिव हो रहे हैं। यह योग उन लोगों के लिए खास है जो पिछले कई महीनों से लगातार मेहनत कर रहे थे लेकिन उन्हें उसका श्रेय नहीं मिल रहा था।
अगर आप कॉर्पोरेट सेक्टर, इंजीनियरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, फाइनेंस, सरकारी सेवा या मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े हैं, तो कोई वरिष्ठ अधिकारी आपके काम पर भरोसा जता सकता है। बिजनेस करने वालों को नया क्लाइंट या नई डील मिलने के योग भी बन रहे हैं। हालांकि इस समय जिद या अहंकार से बचना जरूरी होगा। टीम के साथ मिलकर काम करने पर ही यह योग पूरा लाभ देगा। शनिवार को पीपल के नीचे दीपक जलाएं और सूर्य को अर्घ्य दें।
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए सूर्य पंचम भाव में और अरुण लाभ भाव में स्थित हैं। पंचम भाव क्रिएटिविटी, शिक्षा, भविष्य की योजना और बुद्धि से जुड़ा है, जबकि लाभ भाव आय और नेटवर्क का है। इसका अर्थ है कि आपकी नई सोच सीधे आर्थिक अवसरों में बदल सकती है।
अगर आप शिक्षक, लेखक, कंटेंट क्रिएटर, सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल, डिजाइनर, फिल्म, मीडिया या स्टार्टअप सेक्टर से जुड़े हैं, तो आपकी किसी नई योजना को अच्छा रिस्पॉन्स मिल सकता है। किसी बड़े प्लेटफॉर्म पर काम करने या प्रभावशाली लोगों से जुड़ने का अवसर भी बन सकता है, लेकिन इस दौरान केवल नए आइडिया बनाने के बजाय उन्हें जमीन पर उतारने की कोशिश करें। यही इस योग का सबसे बड़ा संदेश है। गुरुवार को भगवान विष्णु की पूजा करें और शिवलिंग पर जल अर्पित करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
