Surya Nakshatra Parivartan 2026: 31 मार्च की शाम 8 बजकर 16 मिनट पर ग्रहों के राजा सूर्य मीन राशि में रहते हुए रेवती नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहे हैं। यह स्थिति 14 अप्रैल तक बनी रहेगी। रेवती नक्षत्र बुध का नक्षत्र माना जाता है, जबकि सूर्य और बुध के स्वभाव में अंतर होने के कारण इस दौरान कई लोगों को मानसिक दबाव, काम में देरी और फैसलों में कन्फ्यूजन का सामना करना पड़ सकता है। यह गोचर कुछ राशियों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रह सकता है। आइए जानते हैं किन राशि वालों को इस दौरान ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है और इसके लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए यह समय खर्च और मानसिक तनाव बढ़ाने वाला साबित हो सकता है। अचानक ऐसे खर्च सामने आ सकते हैं, जिनकी आपने पहले से कोई योजना नहीं बनाई होगी। कामकाज में मन कम लगेगा और बार-बार ध्यान भटक सकता है। ऑफिस में छोटी गलतियां भी बड़ी परेशानी बन सकती हैं। इसके अलावा नींद की कमी और ज्यादा सोचने की आदत आपको परेशान कर सकती है। इस दौरान किसी भी तरह का बड़ा निर्णय लेने से बचें और अपने काम को धीरे-धीरे और समझदारी से पूरा करें।
उपाय: रोज सुबह सूर्य को जल चढ़ाएं और 'ॐ घृणि सूर्याय नमः' का जाप करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए यह गोचर करियर के मामले में थोड़ा दबाव लेकर आ सकता है। काम का बोझ बढ़ सकता है और जिम्मेदारियां ज्यादा मिल सकती हैं, लेकिन उसके अनुसार परिणाम मिलने में देरी हो सकती है। सीनियर्स के साथ तालमेल में भी थोड़ी समस्या आ सकती है। इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही आपके लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसलिए हर काम को ध्यान से करें और किसी भी विवाद से दूर रहने की कोशिश करें।
उपाय: रोज सुबह गणेश जी की पूजा करें और 'ॐ गं गणपतये नमः' का जाप करें।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए यह समय भाग्य का पूरा साथ न मिलने वाला हो सकता है। आपके कामों में बार-बार रुकावटें आ सकती हैं और योजनाएं समय पर पूरी नहीं होंगी। यात्रा के दौरान सावधानी रखना जरूरी होगा। इस समय किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें, क्योंकि इससे नुकसान हो सकता है। अपने काम में धैर्य रखें और जल्दबाजी में फैसले न लें।
उपाय: रोज शाम को दीपक जलाएं और 'ॐ नमः शिवाय' का जाप करें।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए यह गोचर सेहत और काम दोनों पर असर डाल सकता है। कामकाज में थकान ज्यादा महसूस होगी और मन भी जल्दी परेशान हो सकता है। ऑफिस में आपको ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी, लेकिन उसके अनुसार परिणाम नहीं मिलेंगे। सेहत को लेकर भी सतर्क रहें, क्योंकि छोटी-मोटी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
उपाय: रोज सुबह माता लक्ष्मी का स्मरण करें और सफेद मिठाई का भोग लगाएं।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए यह समय कम्युनिकेशन में समस्या पैदा कर सकता है। आपकी बातों को लोग गलत समझ सकते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बन सकती है। छोटे भाई-बहनों या करीबियों के साथ मतभेद हो सकते हैं। कामकाज में भी बार-बार प्लानिंग बदलनी पड़ सकती है। इस दौरान धैर्य रखना और सोच-समझकर बोलना बेहद जरूरी होगा।
उपाय: रोज 'ॐ शं शनैश्चराय नमः' का जाप करें और काले तिल का दान करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
