Ravivar Ke Upay: रविवार का दिन ज्योतिष में सूर्यदेव को समर्पित माना जाता है। सूर्य को ग्रहों का राजा कहा जाता है और कुंडली में यह आत्मविश्वास, मान-सम्मान, नेतृत्व, पिता, प्रशासन, प्रतिष्ठा और जीवनशक्ति का कारक माना जाता है। ऐसे में रविवार को सूर्य की उपासना और उनसे जुड़े पारंपरिक उपाय करना शुभ माना जाता है।
ज्योतिष के प्रमुख ग्रंथ बृहत् पाराशर होरा शास्त्र के ग्रह शांति अध्याय में ग्रहों की शांति के लिए पूजा, ग्रह से संबंधित वस्तुओं का दान और मंत्र-जप का विधान मिलता है। सूर्य के लिए निर्धारित मंत्र-जप की संख्या 7000 बताई गई है। यानी सूर्य से जुड़े उपाय केवल आधुनिक ज्योतिषीय सलाह तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पारंपरिक ग्रह शांति पद्धति में भी इनका उल्लेख मिलता है। अगर आप जीवन में सफल होना चाहते हैं तो हर रविवार को पांच ऐसे उपाय कर जा सकते हैं, जिनसे आपका सूर्य मजबूत होगा। मजबूत सूर्य व्यक्ति को सफलता दिलाता है और कभी हारने नहीं देता है।
सुबह सूर्यदेव को तांबे के लोटे से दें अर्घ्य
रविवार की सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें। इसके बाद तांबे के लोटे में साफ जल भरें और उसमें थोड़ा रोली, अक्षत और लाल फूल डालकर उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य दें। अर्घ्य देते समय सूर्य की ओर मुख रखें और 'ॐ सूर्याय नमः' या 'ॐ घृणि सूर्याय नमः' मंत्र का जाप करें। सूर्य को नियमित रूप से अर्घ्य देने से सूर्य मजबूत होता है। इससे व्यक्ति के अंदर आत्मविश्वास बढ़ता है और कामकाज में सफलता मिलने लगती है। करियर में बार-बार रुकावट आ रही है या मान-सम्मान की कमी महसूस होती है तो रविवार की सुबह सूर्य को अर्घ्य देना जरूर शुरू करें।
सूर्यदेव के मंत्र का करें जाप
रविवार के दिन सूर्य मंत्र का जाप करना भी बेहद प्रभावी उपाय है। सुबह पूजा के समय 'ॐ सूर्याय नमः' मंत्र का 108 बार जाप करें। समय और सामर्थ्य हो तो ज्यादा जाप भी किए जा सकते हैं। ज्योतिष में सूर्य को आत्मविश्वास, नेतृत्व और पद-प्रतिष्ठा का कारक माना गया है। सूर्य मंत्र का जाप करने से व्यक्ति की निर्णय क्षमता मजबूत होती है और अपने काम के प्रति आत्मविश्वास बढ़ता है। जो लोग नौकरी, बिजनेस या किसी प्रोफेशन में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, उन्हें रविवार के दिन सूर्य मंत्र का जाप जरूर करना चाहिए।
गेहूं और गुड़ का दान करें
रविवार को गेहूं और गुड़ का दान सूर्य से जुड़े प्रमुख उपायों में शामिल है। इस दिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति को गेहूं और गुड़ दान करें। अपनी क्षमता के अनुसार तांबे की वस्तु का दान भी किया जा सकता है। ज्योतिष में गेहूं, गुड़ और तांबा सूर्य से संबंधित माने जाते हैं। रविवार को इनका दान करने से सूर्य मजबूत होता है। इससे जीवन में चल रही रुकावटें दूर होती हैं और कामकाज में तरक्की के रास्ते बनते हैं।
पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करें
ज्योतिष में सूर्य पिता और अथॉरिटी का कारक है। ऐसे में सूर्य को मजबूत करने के लिए पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करना बहुत जरूरी है। रविवार को पिता का आशीर्वाद लें और उनकी जरूरत का कोई काम अपने हाथ से करें। घर में कोई बुजुर्ग है तो उनकी सेवा करें। जरूरतमंद बुजुर्ग की मदद करें या ओल्ड एज होम में जरूरत की चीजें दान करें। इससे सूर्य से जुड़े शुभ प्रभाव मजबूत होते हैं और व्यक्ति को मान-सम्मान के साथ आगे बढ़ने की शक्ति मिलती है।
आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ
सूर्यदेव को प्रसन्न करने के लिए आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ सबसे प्रभावशाली उपायों में शामिल है। इसका वर्णन वाल्मीकि रामायण के युद्धकांड में मिलता है। रविवार की सुबह सूर्य को अर्घ्य देने के बाद आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। इसके पाठ से आत्मबल मजबूत होता है और व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत के साथ आगे बढ़ता है। लगातार परेशानी, काम में रुकावट और मानसिक कमजोरी से जूझ रहे लोगों के लिए यह पाठ विशेष रूप से उपयोगी है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
