अध्यात्म

Numerology: 2026, 2031 और 2035 इस मूलांक वालों के लिए सबसे लकी साल, मिल सकती है बड़ी सफलता

Numerology: साल 2026 के बाद वर्ष 2031 और 2035 भी कुछ लोगों के लिए बेहद खास रहने वाले हैं। आइए जानते हैं उस एक मूलांक के बारे में, जिनका भाग्य इन वर्षों में चमकने वाला है। साथ ही इनके जीवन से जुड़े कई रोचक राज आपको पता चलेंगे।

Image

मूलांक 1 वालों का भाग्य कब-कब चमकेगा?

Numerology: समय हर व्यक्ति के लिए एक जैसा नहीं रहता है। कभी मेहनत रंग लाती है तो कभी तमाम प्रयासों के बाद भी कामयाबी नहीं मिल पाती है। वैदिक ज्योतिष की मानें तो सफलता और असफलता के पीछे जन्म कुंडली में मौजूद ग्रहों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जिनका संबंध व्यक्ति की जन्मतिथि यानी मूलांक से भी है। अंक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, व्यक्ति के मूलांक का उसके जीवन के छोटे से छोटे पहलू पर गहरा प्रभाव पड़ता है। आज पंडित एवं ज्योतिष विशेषज्ञ मयंक शर्मा आपको उस एक मूलांक के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके लिए न केवल वर्ष 2026 शुभ साबित हो रहा है, बल्कि वर्ष 2031 और 2035 भी बेहद अनुकूल रहने वाले हैं। इस दौरान इन्हें धन लाभ, खुशियां और करियर में तरक्की मिलने के प्रबल योग हैं।

किन लोगों के लिए अच्छे रहेंगे ये 3 वर्ष?

जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19, या 28 तारीख को हुआ है या होगा, उनका मूलांक 1 है। अंक ज्योतिष की गणना के अनुसार, मूलांक 1 के लोगों के लिए साल 2026 काफी अच्छा है, जिसके बाद वर्ष 2031 और 2035 में भी इन्हें भाग्य का साथ मिलने के योग हैं। इन वर्षों में इनके जीवन में बड़े बदलाव आएंगे, जो कि अच्छे रहेंगे। इन बदलावों से इन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा और ये बड़ी सफलता हासिल करेंगे। हालांकि, ये समय उन लोगों के लिए ही अच्छा रहेगा, जिनकी उम्र इस समय 25 वर्ष या उससे ज्यादा है।

मूलांक 1 का स्वभाव कैसा होता है?

मूलांक 1 वालों का स्वभाव मिलनसार होता है। इन लोगों में कुछ बड़ा करने की क्षमता होती है। ये बिना डरे अपनी बातों को रखते हैं और आत्मविश्वास से भरपूर रहते हैं। अक्सर देखा गया है कि मूलांक 1 के लोगों के अंदर कोई न कोई खूबी जरूर होती है, जिसके बल पर ये जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करते हैं। बता दें कि ग्रहों के राजा सूर्य को मूलांक 1 का स्वामी माना जाता है, जिनका अच्छा-खासा प्रभाव इनके जीवन पर पड़ता है। इन लोगों की सबसे बड़ी खासियत ये है कि यह हर समय पॉजिटिव रहते हैं और नकारात्मक चीजों को कभी भी अपने ऊपर हावी नहीं होने देते हैं।

मूलांक 1 वालों की लकी उम्र

मूलांक 1 वालों को कम उम्र में पुलिस, सेना, राजनीति, सरकारी नौकरी, एयरफोर्स और खेल जैसे क्षेत्रों में उच्च पद मिलने की संभावना होती है। आमतौर पर इनको उम्र 11, 18, 24, 28, 36, 42, 55 और 68 में भाग्य का अच्छा साथ मिलता है। इन वर्षों में इन्हें अपनी मेहनत का पूरा फल मिलता है। इन उम्र में मूलांक 1 वालों के लिए कोई नया बिजनेस खोलना या कुछ अलग सीखना भी अच्छा रहता है।

मूलांक 1 वालों के लकी दिन

रविवार, बुधवार और गुरुवार के दिन मूलांक 1 वालों के लिए अच्छे रहते हैं। इन दिनों में कोई नया काम शुरू करना या बड़े फैसले लेना अच्छा रहता है।

मूलांक 1 वालों के दोस्त और लकी रंग

जिन लोगों का मूलांक 1 है, उनकी मूलांक 1, मूलांक 5, मूलांक 7 और मूलांक 9 के लोगों के साथ दोस्ती लंबी चलती है। इन लोगों का साथ में बिजनेस करना भी अच्छा रहता है। वहीं, लाल, केसरिया, मेहरून, हल्का नीला और क्रीम कलर इनके लिए शुभ हैं, लेकिन काले रंग से इन्हें दूर रहना चाहिए। ये रंग इनके लिए अच्छा नहीं रहता है, बल्कि नकारात्मकता को अट्रैक्ट करता है।

डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है।

Nidhi Jain
निधि जैनauthor

निधि जैन Times Now नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के तौर पर जुड़ी हैं। इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 साल से ज्यादा का अनुभव है। पढ़ने और लिखने के प्रति इनकी रुचि ही इन्हें जर्नलिज्म की ओर लेकर आई। निधि अब तक हेल्थ, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article