अध्यात्म

नवंबर में मासिक कृष्ण जन्माष्टमी कब है, मार्गशीर्ष मास की अष्टमी किस तारीख की है, कैसे करें लड्डू गोपाल की पूजा

November Mein Masik Janmashtami Kab Hai 2025 (मार्गशीर्ष मास की अष्टमी किस तारीख की है): मार्गशीर्ष मास को श्री हरि का प्रिय माह माना जाता है। अगहन के महीने में आने वाली मासिक कृष्ण जन्माष्टमी का भी बहुत महत्व माना जाता है। इस दिन लड्डू गोपाल की पूजा बेहद शुभ मानी जाती है। यहां देखें इसकी तारीख और पूजा का महत्व।

Image

नवंबर में मासिक कृष्ण जन्माष्टमी कब है (Pic: iStock)

November Mein Masik Janmashtami Kab Hai 2025 (मार्गशीर्ष मास की अष्टमी किस तारीख की है): मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 11 नवंबर 2025 को रात 23:08 बजे आरंभ होगी। इसका समापन 12 नवंबर 2025 को रात 22:58 बजे पर होगा। इस तरह नवंबर में मासिक कृष्ण जन्माष्टमी 12 नवंबर को मंगलवार के दिन मनाई जाएगी। इस दिन सूर्य तुला राशि में और चंद्रमा कर्क राशि में रहेंगे।

द्रिक पंचांग के अनुसार, अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:43 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:27 बजे तक रहेगा और राहुकाल का समय दोपहर 2:47 मिनट से शुरू होकर शाम 04:08 मिनट तक रहेगा। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, हर माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मासिक कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है।

इस तिथि पर लड्डू गोपाल की पूजा का महत्व

भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ था, जिस वजह से हर माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर मासिक कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि इस तिथि को बाल-गोपाल की विधिवत पूजा करने से जीवन में यश, कीर्ति, धन, ऐश्वर्य और संतान सुख की प्राप्ति होती है और व्यक्ति के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। साथ ही उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।

मंगलवार के दिन बाल-गोपाल की विधि-विधान से पूजा और व्रत रखने के लिए जातक समय अनुसार नित्य कर्म, स्नान आदि करने के बाद साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद मंदिर या पूजा स्थल को साफ करें। घर के मंदिर में एक चौकी पर एक थाली में लड्डू गोपाल की प्रतिमा स्थापित करें। दक्षिणावर्ती शंख में पंचामृत भरकर लड्डू गोपाल का अभिषेक करें। लड्डू गोपाल को पीले वस्त्र पहनाएं और पीले फूलों से उनका शृंगार करें।

मंत्रों और स्तोत्रों का जाप करते हुए लड्डू गोपाल का आह्वान करें। 'ऊं नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। उन्हें तुलसी की माला, खीर, माखन (मक्खन), मिश्री और फल जैसी उनकी पसंदीदा चीजें अर्पित करें। अंत में लड्डू गोपाल के सामने देसी घी का दीपक जलाएं और आरती करके पूजा संपन्न करें।

मासिक कृष्ण जन्माष्टमी का उपाय

मासिक कृष्ण जन्माष्टमी पूजा के दौरान भगवान कृष्ण को मोर पंख चढ़ाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है, जो परिवार के सदस्यों को बुरी नजर और सभी प्रकार की नकारात्मक ऊर्जाओं से बचाती है।

इनपुट - आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावला author

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वा... और देखें

End of Article