Chandra Gochar 2026 : 5 अप्रैल 2026 की शाम 5 बजकर 27 मिनट पर चंद्रमा वृश्चिक राशि में प्रवेश कर चुके हैं। ज्योतिष में चंद्रमा को मन, भावनाओं और मानसिक स्थिति का कारक माना जाता है, और वृश्चिक राशि में चंद्रमा नीच के माने जाते हैं। ऐसे में यह गोचर कई लोगों के लिए मानसिक उतार-चढ़ाव, तनाव और निर्णय लेने में अस्थिरता ला सकता है। खासकर कुछ राशियों को इस दौरान ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। आइए जानते हैं किन राशियों को नुकसान हो सकता है और उनसे बचने के उपाय क्या हैं।
चंद्रमा का वृश्चिक में गोचर
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए यह गोचर अचानक मानसिक तनाव और उलझनों का कारण बन सकता है। इस दौरान आपको ऐसा लग सकता है कि आपके काम बनते-बनते रुक रहे हैं या चीजें आपकी योजना के अनुसार नहीं चल रही हैं। खासकर फाइनेंशियल मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत होगी, क्योंकि अचानक खर्च बढ़ सकते हैं। आपके अंदर चिड़चिड़ापन भी बढ़ सकता है, जिससे रिश्तों में खटास आने की संभावना रहेगी। इसलिए इस समय धैर्य बनाए रखना बहुत जरूरी है और जल्दबाजी में कोई भी बड़ा फैसला लेने से बचना चाहिए।
उपाय: सोमवार के दिन “ॐ सोमाय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करें और सफेद वस्त्र धारण करें।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए यह समय इमोशनल रूप से थोड़ा भारी रह सकता है। आप छोटी-छोटी बातों को लेकर ज्यादा सोच सकते हैं और मन में चिंता या असुरक्षा की भावना आ सकती है। रिश्तों में गलतफहमी बढ़ने के योग बन रहे हैं, इसलिए बातचीत में संयम रखना जरूरी है। कामकाज में भी मन कम लग सकता है, जिससे प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में खुद को शांत रखना और पॉजिटिव सोच बनाए रखना जरूरी होगा।
उपाय: शिवलिंग पर जल और दूध अर्पित करें और “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का नियमित जाप करें।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह गोचर घरेलू और पारिवारिक मामलों में तनाव ला सकता है। परिवार के किसी सदस्य के साथ विचारों में मतभेद हो सकता है, जिससे मानसिक शांति प्रभावित हो सकती है। इस दौरान आपको अपने गुस्से पर नियंत्रण रखना होगा, क्योंकि छोटी-सी बात भी बड़ा विवाद बन सकती है। कार्यस्थल पर भी मन स्थिर नहीं रहेगा, जिससे निर्णय लेने में दिक्कत आ सकती है।
उपाय: चावल का दान करें और माता-पिता का आशीर्वाद लें।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए यह गोचर सबसे ज्यादा संवेदनशील रहेगा क्योंकि चंद्रमा आपकी ही राशि में नीच के हैं। इस दौरान आत्मविश्वास में कमी महसूस हो सकती है और मन बार-बार बदल सकता है। आपको लग सकता है कि लोग आपको समझ नहीं पा रहे हैं या आपके प्रयासों का सही परिणाम नहीं मिल रहा है। ऐसे में खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखना बेहद जरूरी होगा। स्वास्थ्य के लिहाज से भी थोड़ी कमजोरी या थकान महसूस हो सकती है, इसलिए आराम और संतुलित दिनचर्या पर ध्यान दें।
उपाय: चांदी का छोटा टुकड़ा अपने पास रखें और रात में चंद्रमा को दूध का अर्घ्य दें।
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए यह समय भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा कर सकता है। आप किसी फैसले को लेकर बार-बार सोच सकते हैं और सही निर्णय लेने में दिक्कत महसूस कर सकते हैं। काम में फोकस की कमी रह सकती है और योजनाएं पूरी तरह सफल नहीं हो पाएंगी। इस दौरान किसी भी महत्वपूर्ण कार्य को करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करना जरूरी होगा। ध्यान और मेडिटेशन करने से आपको मानसिक शांति मिलेगी और आप बेहतर निर्णय ले पाएंगे।
उपाय: रोजाना सफेद फूल भगवान शिव को अर्पित करें और कुछ समय ध्यान जरूर करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
