अध्यात्म

डूब सकता है इन 5 राशि वालों का पैसा, बुध-यम का षडाष्टक योग खड़ी कर सकता है बड़ी परेशानी

Mercury Pluto Shadashtak Yog 2026: बुध और यम एक दूसरे से 150 डिग्री पर आ गए हैं। इससे दोनों ग्रहों के बीच षडाष्टक योग का निर्माण हो गया है। यह योग कुछ राशि वालों को भारी धनहानि दे सकता है।

Image

षडाष्टक योग देगा नुकसान

Mercury Pluto Shadashtak Yog 2026 : ग्रहों की चाल में 27 अगस्त 2026 की सुबह 7 बजकर 38 मिनट पर बुध और यम के बीच 150 डिग्री का संबंध बना है। ज्योतिष में 150 डिग्री के इस संबंध को षडाष्टक योग कहा जाता है। इस समय बुध 03° कन्या 13′45″ और यम 03° कुंभ 13′48″ पर हैं। दोनों के बीच करीब 150 डिग्री का एंगल बन रहा है। यहां यम से आशय आधुनिक ज्योतिष में इस्तेमाल किए जाने वाले प्लूटो (Pluto) से है। द्रिक पंचांग की ग्रह स्थिति में भी यम को आधुनिक ग्रह के तौर पर शामिल किया गया है।

बुध को बुद्धि, कम्युनिकेशन, बिजनेस, कैलकुलेशन, डॉक्यूमेंट्स और फैसलों का कारक माना जाता है। वहीं यम यानी प्लूटो को गहरे बदलाव, पावर, कंट्रोल, छिपी हुई चीजों, रिसर्च और अचानक होने वाले ट्रांसफॉर्मेशन से जोड़ा जाता है। ऐसे में दोनों के बीच 150 डिग्री का तनावपूर्ण संबंध बनने पर सोच और परिस्थितियों के बीच तालमेल बिगड़ने जैसी स्थिति बन सकती है। व्यक्ति कुछ और सोच रहा हो और हालात उसे कुछ और करने के लिए मजबूर करें। यही वजह है कि इस दौरान लिए गए फैसलों में जल्दबाजी नुकसान दे सकती है।

क्या होता है षडाष्टक योग

वैदिक ज्योतिष में दो ग्रहों के बीच 6-8 का संबंध होने पर षडाष्टक योग माना जाता है। आधुनिक एस्पेक्ट पद्धति में 150 डिग्री का संबंध भी इसी तरह के तनावपूर्ण ग्रह संबंध के रूप में देखा जाता है। इसका असर अक्सर सीधा नहीं होता। अचानक कोई बड़ी घटना होने के बजाय परिस्थितियां व्यक्ति को ऐसी स्थिति में डाल सकती हैं जहां उसे पुरानी सोच बदलनी पड़े, कोई फैसला वापस लेना पड़े या किसी मामले की गहराई में जाकर समाधान निकालना पड़े।

बुध और यम का संबंध खास तौर पर दिमाग और कंट्रोल से जुड़े विषयों को प्रभावित कर सकता है। कोई व्यक्ति किसी बात को लेकर जरूरत से ज्यादा एनालिसिस कर सकता है। दूसरी तरफ किसी दूसरे व्यक्ति की बात या पावर स्ट्रगल उसे परेशान कर सकती है। इस दौरान ईमेल, कॉन्ट्रैक्ट, फाइनेंशियल पेपर, बिजनेस डील और महत्वपूर्ण बातचीत में अतिरिक्त सावधानी रखना बेहतर रहेगा। आइए जानते हैं कि किन राशि वालों को इस दौरान नुकसान उठान पड़ सकता है।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के लिए बुध चौथे भाव में और यम नौवें भाव में हैं। बुध आपकी राशि के स्वामी भी हैं। ऐसे में बुध का यह तनावपूर्ण संबंध आपके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। घर, प्रॉपर्टी, परिवार और करियर से जुड़े मामलों में एक साथ कई चीजें सामने आ सकती हैं। आप किसी एक फैसले को लेकर स्पष्ट नहीं रह पाएंगे और बार-बार अपनी स्ट्रैटेजी बदलने का मन हो सकता है।

प्रॉपर्टी खरीदने या बेचने की योजना है तो डॉक्यूमेंट्स ध्यान से पढ़ें। घर में किसी बड़े व्यक्ति की बात को लेकर बहस से बचें। करियर में भी कोई ऐसा फैसला सामने आ सकता है जिसमें तुरंत जवाब देना जरूरी लगे। ऐसे मामलों में पहले पूरी जानकारी लेना बेहतर होगा।

उपाय: बुधवार को गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं और महत्वपूर्ण फैसले लेने से पहले गणेश मंत्र का जाप करें।

सिंह राशि

सिंह राशि के लिए बुध दूसरे भाव और यम सातवें भाव से जुड़े हैं। दूसरा भाव धन, परिवार और वाणी का है, जबकि सातवां भाव पार्टनरशिप और रिश्तों का होता है। इस वजह से फाइनेंस और रिश्तों के बीच तनाव पैदा हो सकता है। जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर के साथ पैसों को लेकर बहस संभव है।

वाणी इस समय सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। आपकी बात सही हो सकती है, लेकिन अगर तरीका बहुत कठोर रहा तो सामने वाला उसे गलत ले सकता है।

इन्वेस्टमेंट या बिजनेस पार्टनरशिप में किसी दूसरे व्यक्ति के दबाव में फैसला लेने से बचें।

उपाय: बुधवार को हरे मूंग का दान करें और बोलते समय संयम रखें।

कन्या राशि

कन्या राशि के लिए यह योग सबसे ज्यादा संवेदनशील है क्योंकि बुध आपकी राशि में ही मौजूद हैं। बुध यहां मजबूत स्थिति में माने जाते हैं, लेकिन यम के साथ 150 डिग्री का संबंध सोच को जरूरत से ज्यादा गहरा और गंभीर बना सकता है। किसी बात को लेकर बार-बार सोचना, सामने वाले की बात में छिपा मतलब तलाशना या हर चीज को कंट्रोल करने की कोशिश परेशानी बढ़ा सकती है। जॉब में कोई सीनियर आपके काम की कमियां निकाल सकता है। इसे व्यक्तिगत आलोचना मानने के बजाय काम सुधारने के मौके के तौर पर लेना बेहतर होगा। बिजनेस करने वालों को किसी डील में छिपी हुई शर्तों पर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ मौखिक भरोसे पर बड़ा फाइनेंशियल फैसला न लें।

उपाय: बुधवार को हरे मूंग का दान करें और भगवान गणेश की पूजा करें।

धनु राशि

धनु राशि के लिए बुध 10वें भाव और यम तीसरे भाव से जुड़े हैं। इस वजह से करियर और कम्युनिकेशन के बीच तनाव पैदा हो सकता है। ऑफिस में किसी सीनियर या सहकर्मी के साथ अधिकार को लेकर टकराव हो सकता है। आपको लग सकता है कि कोई व्यक्ति आपके काम में जरूरत से ज्यादा दखल दे रहा है। बिजनेस करने वालों को पार्टनर या कर्मचारी के साथ पावर स्ट्रगल से बचना चाहिए। अपनी बात मनवाने के लिए जरूरत से ज्यादा दबाव डालना उल्टा पड़ सकता है। जॉब बदलने या बिजनेस से जुड़ा बड़ा फैसला लेने से पहले पूरी प्लानिंग करें।

उपाय: बुधवार को किसी जरूरतमंद विद्यार्थी को पढ़ाई की सामग्री दान करें।

कुंभ राशि

कुंभ राशि के लिए यम आपकी राशि में हैं और बुध आठवें भाव में मौजूद हैं। इसलिए यह योग अचानक बदलाव, रिसर्च, फाइनेंस और मानसिक दबाव से जुड़े मामलों को एक्टिव कर सकता है। कोई पुराना फाइनेंशियल मामला फिर सामने आ सकता है। टैक्स, इंश्योरेंस, लोन या किसी दूसरे व्यक्ति के पैसे से जुड़े मामले में अतिरिक्त सावधानी जरूरी होगी। करियर में अचानक बदलाव का विचार आ सकता है, लेकिन बिना बैकअप प्लान के कोई बड़ा फैसला लेना ठीक नहीं होगा। इस समय किसी बात को छिपाने के बजाय साफ तरीके से सामने रखना बेहतर रहेगा।

उपाय: बुधवार को गणेश जी की पूजा करें और जरूरतमंद व्यक्ति को हरे फल का दान करें।

मीन राशि

मीन राशि से बुध सातवें भाव और यम 12वें भाव में हैं। इसका असर शादी, बिजनेस पार्टनरशिप, विदेश, खर्च और निजी रिश्तों पर पड़ सकता है।

पार्टनर की किसी बात को गलत समझने की संभावना बढ़ सकती है। छोटी बात को लेकर रिश्ते में तनाव पैदा हो सकता है। बिजनेस पार्टनरशिप में पैसा और जिम्मेदारी किसकी है, इसे लेकर स्पष्टता रखना जरूरी होगा। विदेश या ऑनलाइन बिजनेस से जुड़े लोगों को फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन में सावधानी रखनी चाहिए। किसी रिश्ते में अंतिम फैसला लेने से पहले एक बार खुलकर बातचीत जरूर करें।

उपाय: बुधवार को भगवान गणेश को दूर्वा चढ़ाएं और किसी जरूरतमंद को हरी सब्जी दान करें।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article