Budh Ast 2026 : 25 अक्टूबर 2026 की शाम 6 बजकर 31 मिनट पर ग्रहों के राजकुमार बुध तुला राशि में अस्त हो जाएंगे। ज्योतिष में बुध को बुद्धि, वाणी, कारोबार, लेन-देन, शिक्षा और कम्युनिकेशन का कारक माना जाता है। ऐसे में बुध के अस्त होने का असर इन क्षेत्रों से जुड़े मामलों पर पड़ सकता है। खासकर नौकरी, बिजनेस, आर्थिक फैसलों और रिश्तों में बातचीत करते समय सावधानी रखने की जरूरत होगी। इस दौरान छोटी-सी गलतफहमी भी किसी बड़े विवाद की वजह बन सकती है।
बुध का यह गोचर ऐसे समय हो रहा है, जब ग्रहों के राजकुमार वक्री चाल में भी रहेंगे। तुला राशि का संबंध साझेदारी, रिश्तों, समझौते और संतुलन से है। ऐसे में बुध के अस्त और वक्री होने का प्रभाव कुछ राशियों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। किसी को करियर में रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है, तो किसी के लिए आर्थिक फैसले और पारिवारिक बातचीत चुनौती बन सकती है। बुध 11 नवंबर तक इसी राशि में अस्त रहने वाले हैं। इस दौरान कुछ राशि वालों को इस दौरान विशेष सावधानी रखने की जरूरत होगी। आइए जानते हैं कि इस दौरान किन राशियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए बुध का तुला राशि में अस्त होना सातवें भाव को प्रभावित करेगा। यह भाव शादी, जीवनसाथी, बिजनेस पार्टनरशिप और दूसरे लोगों के साथ होने वाले समझौतों से जुड़ा है। ऐसे में पार्टनर के साथ छोटी बात पर बहस हो सकती है। बिजनेस करने वालों को किसी डील की शर्तों, पेमेंट या जरूरी बातचीत में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नौकरी में टीम के सदस्यों के साथ तालमेल बिगड़ने की आशंका भी रहेगी। इस दौरान अपनी बात दूसरों पर थोपने के बजाय उनकी राय सुनना जरूरी होगा। किसी भी समझौते को जल्दबाजी में अंतिम रूप न दें और जरूरी शर्तें अच्छी तरह पढ़ लें।
उपाय: बुधवार को भगवान गणेश की पूजा करें और 108 बार 'ॐ बुं बुधाय नमः' मंत्र का जाप करें। बातचीत के दौरान गुस्से और कड़वे शब्दों से बचें।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए बुध का अस्त होना चौथे भाव को प्रभावित करेगा। यह भाव घर, परिवार, माता, प्रॉपर्टी और मानसिक शांति से जुड़ा है। इस दौरान घर में किसी बात को लेकर मतभेद हो सकते हैं। प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने, वाहन या घर की मरम्मत से जुड़े कामों में देरी आने की आशंका रहेगी। नौकरी और निजी जीवन की जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बनाना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कुछ जातक छोटी-छोटी बातों को लेकर जरूरत से ज्यादा सोच सकते हैं, जिससे मानसिक तनाव बढ़ सकता है। ऐसे में घर के मामलों में धैर्य रखें और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच किए बिना कोई फैसला न लें।
उपाय: बुधवार के दिन जरूरतमंद व्यक्ति को हरी मूंग की दाल दान करें। घर में शांति बनाए रखने के लिए परिवार के सदस्यों से बातचीत करते समय संयम रखें।
कन्या राशि
कन्या राशि के स्वामी बुध हैं। ऐसे में बुध के अस्त और वक्री होने का प्रभाव इस राशि के जातकों के लिए महत्वपूर्ण रह सकता है। आपकी राशि से तुला दूसरे भाव में आता है, जिसका संबंध धन, बचत, परिवार और वाणी से है। इस दौरान खर्च बढ़ने या पैसों की योजना बिगड़ने की आशंका रह सकती है। किसी भुगतान में देरी हो सकती है या पुराने आर्थिक मामले को दोबारा सुलझाना पड़ सकता है। परिवार में बातचीत के दौरान गलतफहमी पैदा होने की भी आशंका है। नौकरी और बिजनेस में हिसाब-किताब करते समय खास सावधानी बरतें। किसी को उधार देने या बड़ा निवेश करने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति का आकलन जरूर करें।
उपाय: बुधवार को भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करें और हरी मूंग का दान करें। इस दौरान पैसों का हिसाब लिखकर रखें और बिना सोचे-समझे खरीदारी करने से बचें।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए बुध का अस्त होना बारहवें भाव को प्रभावित करेगा। यह भाव खर्च, नींद, विदेश से जुड़े मामले और एकांत से संबंधित है। इस दौरान अचानक खर्च बढ़ सकते हैं या बजट बिगड़ सकता है। ऑनलाइन लेन-देन, बैंकिंग और दस्तावेजों से जुड़े मामलों में अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत होगी। विदेश में पढ़ाई या नौकरी के लिए आवेदन कर रहे लोगों को किसी दस्तावेज को दोबारा जांचना पड़ सकता है। मानसिक तनाव के कारण नींद और दिनचर्या भी प्रभावित हो सकती है। किसी भी वित्तीय प्रस्ताव पर तुरंत भरोसा करने के बजाय उसकी पूरी जानकारी लें। अनावश्यक खर्च रोकने और जरूरी कामों की सूची बनाकर चलने से परेशानी कम हो सकती है।
उपाय: बुधवार को जरूरतमंद विद्यार्थियों को कॉपी-पेन या पढ़ाई से जुड़ी जरूरी चीजें दान करें। किसी भी ऑनलाइन भुगतान से पहले खाते और प्राप्तकर्ता की जानकारी अच्छी तरह जांचें।
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए बुध का अस्त होना आठवें भाव को प्रभावित करेगा। यह भाव अचानक होने वाले बदलावों, गोपनीय मामलों, कर्ज, बीमा और साझा धन से जुड़ा है। इस दौरान किसी पुराने आर्थिक मामले को सुलझाने में समय लग सकता है। लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय दस्तावेजों को लेकर अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत होगी। किसी के साथ पैसों का लेन-देन करते समय नियम और शर्तें स्पष्ट रखें। निजी रिश्तों में छिपी हुई बात सामने आने या किसी गलतफहमी के कारण तनाव बढ़ने की आशंका भी रह सकती है। इस दौरान जोखिम भरे निवेश से बचना और किसी भी महत्वपूर्ण दस्तावेज को बिना पढ़े स्वीकार न करना बेहतर होगा।
उपाय: बुधवार को जरूरतमंद व्यक्ति को हरी मूंग या हरी सब्जियों का दान करें। आर्थिक मामलों में जल्दबाजी न करें और जरूरी फैसलों से पहले सभी दस्तावेजों की जांच करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
