Mahashivratri 2025 Bhog List (महाशिवरात्रि 2025 भोग लिस्ट): शिव ही सत्य हैं, शिव सुंदर हैं और शिव ही जगत का सार हैं। सनातन हिंदू धर्म में भगवान शिव की पूजा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए भक्त महाशिवरात्रि का व्रत-पूजन करते हैं। पौराणिक मान्यता है कि इस तिथि पर भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इसलिए इस दिन शिव-पार्वती की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। साथ ही इस शुभ अवसर पर लोग अपने घर में रुद्राभिषेक भी कराते हैं। वर्ष 2025 में ये पर्व 26 फरवरी को बुधवार के दिन मनाया जा रहा है। इस दिन देवों के देव महादेव को उनकी प्रिय चीजों का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है। चलिए जानते हैं महाशिवरात्रि 2025 भोग लिस्ट के बारे में।
Mahashivratri 2025 Bhog List
Mahashivratri Bhog List In Hindi (महाशिवरात्रि भोग लिस्ट)
खीर- मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव को सफेद रंग का भोग चढ़ाया जाता है। महाशिवरात्रि के दिन महादेव को साबुदाना, चावल या मखाने की खीर बनाकर भोग के रूप में चढ़ाई जा सकती है। खीर का मिष्ठान देवी-देवताओं को बहुत प्रिय होता है।
पंचामृत- दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बने प्रसाद को पंचामृत कहा जाता है। हिंदू धर्म के मांगलिक कार्यों में पंचामृत को प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता है। इसमें अमृत के समान पांच चीजों को मिलाया जाता है और इसे पवित्र माना जाता है। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए पंचामृत का भोग चढ़ाना चाहिए।
ठंडाई- ठंडाई महाशिवरात्रि के मुख्य भोग में से एक माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान क्षीरसागर से निकले विष को भगवान शिव ने पी लिया था जिससे उनके शरीर में जलन होने लगी। उसे शांत करने के लिए देवताओं ने उन्हें ठंडी चीजें खिलाई जिसके बाद महादेव ने विष को अपने कंठ में धारण कर लिया और वे नीलकंठ कहलाएं। भोग के रूप में ठंडाई चढ़ाने से भोले बाबा प्रसन्न हो सकते हैं।
भांग से बनी चीजें- भगवान शिव को भांग और धतूरा जैसी चीजें बहुत प्रिय होती हैं। महाशिवरात्रि के दिन महादेव की पूजा में बेलपत्र, धतूरा के साथ साथ भांग भी चढ़ाया जाता है। भांग को ठंडाई या किसी मिठाई में मिक्स करके भोग के रूप में चढ़ाया जा सकता है।
सूजी का हलवा- महाशिवरात्रि पर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए शुद्ध घी से तैयार सूजी का हलवा बनाया जा सकता है। इससे आपको भगवान शिव की कृपा प्राप्त हो सकती है।
बर्फी- मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव को सफेद रंग की मिठाई भोग में चढ़ाना शुभ माना जाता है ऐसे में आप महाशिवरात्रि के दिन खोए की बर्फी का भोग भी भगवान को चढ़ा सकते हैं।
