Kainchi Dham Mela: नीम करोली बाबा (Neem Karoli Baba) के कैंची धाम (Kainchi Dham) आश्रम में हर साल 15 जून को भव्य मेला लगता है। 15 जून, 1964 को नैनीताल में कैंची धाम आश्रम की स्थापना की गई थी। इस साल कैंची धाम का 59वां स्थापना दिवस है, जो कल यानी गुरुवार 15 जून को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। सेवा में भाग लेने के लिए हजारों भक्त एक महीने पहले ही कैंची धाम आश्रम पहुंच जाते हैं। 15 जून को लगने वाले मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस बार 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। अगर आप भी कैंची धाम आश्रम आने की सोच रहे हैं तो आज हम आपको यहां आने का पूरा रूट मैप बताते हैं।
अगर आप दिल्ली से कैंची धाम आना चाह रहे हैं तो आप अपनी पसर्नल कार, प्राइवेट टैक्सी, बस, ट्रेन या प्लेन के माध्यम से पहुंच सकते हैं। हालांकि ट्रेन से आपको काठगोदाम तक का ही सफर तय करना होगा, उससे आगे का सफर आप सड़क के रास्ते से भी कर सकते हैं। वहीं प्लेन से आप पंतनगर तक ही आ पाएंगे, उससे आगे का सफर भी आपको सड़क के माध्यम से करना होगा। काठगोदाम से भीमताल या नैनीताल के रास्ते से भवाली होते हुए आप कैंची धाम पहुंच सकते हैं। दिल्ली से कैंची धाम की दूरी 340 किलोमीटर है।
15 जून यानी कल के दिन (59वां स्थापना दिवस) भवाली से शटल सेवा से ही श्रद्धालुओं को कैंची धाम पहुंचने दिया जाएगा और किसी निजी वाहन को जाने की इजाजत नहीं होगी। कैंची धाम स्थापना एवं भण्डारे के अवसर पर ट्रैफिक रूट प्लान भी जारी किया गया है।
ट्रैफिक रूट प्लान:-
1. हल्द्वानी से अल्मोड़ा- पिथौरागढ़ को जाने वाले भारी वाहन, यात्री वाहन, प्राईवेट वाहन दिनांक 14 जून 2023 को दिन में 02 बजे से खुटानी मोड़, पदमपुरी पोखराड़- कशियालेख-शीतला-मौना-ल्वेशाल एवं क्वारब होते हुए अल्मोड़ा को निकलेंगें।2. नैनीताल से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ जाने वाले भारी वाहन/यात्री वाहन / प्राइवेट वाहन भवाली रामगढ़ तिराहे से होते हुए मल्ला रामगढ़, नथुवाखान, क्वारब से आगे निकलेंगे।
3. अल्मोड़ा/पिथौरागढ़ से आने वाले भारी वाहन, यात्री वाहन एवं प्राईवेट वाहन 14 जून 2023 को 02 बजे से क्वारब पुल से मौना-ल्वेशाल- शीतला- पदमपुरी होते हुऐ खुटानी बैन्ड से भीमताल की ओर प्रस्थान करेंगे।
4. रानीखेत से आने वाले भारी वाहन खैरना से क्वारब होते हुए ल्वेशाल-मौना-पदमपुरी से खुटानी बैन्ड से भीमताल की ओर प्रस्थान करेंगे।
5. भवाली की ओर से कैंची की ओर आने वाले दोपहिया वाहन प्रारम्भ में कैंची हरतपा रोड, में पार्क कराये जायेंगे। स्थान भर जाने पर जंगलात वैरियर से भवाली की ओर सड़क किनारे चौड़े स्थानों पर पार्क कराये जायेंगे।
6. भीमताल की तरफ से कैंची धाम आने वाले चार पहिया प्राइवेट वाहनों को नगरपालिका ग्राउण्ड में पार्क कराया जायेगा। नगरपालिका ग्राउण्ड की पार्किंग फुल हो जाने पर वाहनों को नैनीवैण्ड से निर्माणधीन बाईपास में पार्क कराया जायेगा।
7. नैनीताल की ओर से कैंची धाम आने वाले चारपहिया वाहनों को पेट्रोल पम्प के पास पार्किंग फुल हो जाने पर सैनिटोरियम से भवाली गाँव जाने वाली सड़क पर पार्क कराया जायेगा।
8. कैंची धाम आने वाले दर्शनार्थियों को शटल सेवा भवाली पेट्रोल पम्प से वन विभाग बैरियर निगलाट तक उपलब्ध रहेगी।
9. खैरना की ओर से कैंची धाम आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों को खैरना पेट्रोल पम्प के आने खाली स्थान पर पार्क कराया जायेगा। तथा वहा से शटल सेवा के माध्यम से पनीराम ढाबे तक लाया व ले जाया जायेगा।
10. दिनांक 14 जून 2023 व 15 जून 2023 को हल्द्वानी से भवाली की ओर आने वाली भारी माल वाहक वाहन प्रतिबन्धित रहेंगे।
11. कैंची धाम की ओर आवागमन करने वाले सेना के वाहनों को भण्डारे के दिवस न लाये जाने हेतु सैन्य अधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है।
12. उक्त अवसर पर प्रत्येक रोड में वाहनों में ओवरलोडिंग, तीव्र गति से वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहनों में तीन सवारी एवं बिना हेलमेट चलाने के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
नीम करोली बाबा के कैंची धाम आश्रम में स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, लैरी पेज भी आ चुके हैं।
