Hartalika Teej 2025 Date and Time (हरतालिका तीज 2025 में कब है, हरियाली तीज से कैसे अलग है): हिंदू कैलेंडर में सावन और भादो को दो महीनों में तीज के तीन व्रत आते हैं। सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज होती है जबकि भाद्रपद या भादो मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज का व्रत किया जाता है। वहीं भादो मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि कजरी या कजली तीज का व्रत रखा जाता है।
हरतालिका तीज 2025 में कब है, हरियाली तीज से कैसे अलग है (Pic: Canva)
हरतालिका तीज 2025 में कब है
हरतालिका तीज का व्रत भादो मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को आता है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार यह तारीख 26 अगस्त, दिन मंगलवार को रहेगी। 2025 में भादो मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि का आरंभ 25 अगस्त को 12:34pm से होगा। इस तिथि का समापन 26 अगस्त को 1:54pm पर होगा। इस तरह उदया तिथि के अनुसार हरतालिका तीज का व्रत 26 अगस्त को रखा जाएगा।
हरतालिका तीज क्यों मनाई जाती है
हरतालिका तीज की कहानी उस मान्यता से जुड़ी है जिसमें देवी पार्वती की सहेलियां उनका अपहरण करके जंगल में ले जाती हैं ताकि उनके पिता अपनी मर्जी के वर उनका विवाह ना करा दें। इसके बाद पार्वती जी ने कठोर तपस्या की जिससे प्रसन्न होकर शिवजी ने उनका विवाह प्रस्ताव स्वीकार किया था। इस दिन भगवान शिव और देवी पार्वती की मिट्टी से मूर्ती बनाकर पूजा की जाती है। इस तरह दोनों की अमर जोड़ी की तरह महिलाएं भी अपने सुहाग का लंबा साथ और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगती हैं। इस दिन निर्जला व्रत रखा जाता है।
हरियाली तीज और हरतालिका तीज में क्या अंतर है
हरियाली तीज सावन के शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है, जबकि हरतालिका तीज इसके एक महीने बाद भादो के शुक्ल पक्ष की तृतीया को आती है। हरियाली तीज का व्रत राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती के प्रेम और सावन की हरियाली से जुड़ा है और इसे राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में मुख्य तौर पर मनाया जाता है। यह फलाहार वाला व्रत होता है और इसे मिठाई, श्रृंगार, सावन के झूलों से जोड़ा गया है।
वहीं हरतालिका तीज का त्योहार उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड में ज्यादा लोकप्रिय है। यह निर्जला व्रत होता है और इस व्रत की रात को महिलाएं जागरण करके भजन-कीर्तन करती हैं। इसमें शिव-पार्वती की मूर्ति स्थापना की जाती है।
हरियाली तीज और हरतालिका तीज 2026 की डेट
साल 2025 में हरियाली तीज का पर्व 27 जुलाई को मनाया गया है और हरतालिका तीज 26 अगस्त को आएगी। वहीं 2026 में हरियाली तीज 15 अगस्त को और हरतालिका तीज 14 सितंबर को मनाई जाएगी। वहीं साल 2027 में हरियाली तीज का पर्व 4 अगस्त को आएगा। जबकि हरतालिका तीज 3 सितंबर को पड़ेगी।
