Vastu Tips Related to Broom: वास्तु शास्त्र एक ऐसी प्राचीन विद्या है जिसमें दिशाओं का महत्व होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार हर वस्तु को रखने की एक निश्चित जगह होती है जिससे घर में सकारात्मकता ऊर्जा बनी रहती है। अगर चीजों को सही ढंग से न रखा जाए तो घर और जीवन पर वास्तु दोष का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसी तरह झाड़ू को रखने के भी कुछ वास्तु नियम होते हैं। वैसे तो घर या ऑफिस में झाड़ू को कहीं भी रख दिया जाता है। झाड़ू को सही जगह पर रखना घर की उन्नति के लिए भी लाभकारी हो सकता है। वास्तु अनुसार झाड़ू को रखे जाने से घर में धन, समृद्धि और शांति बनी रहती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे माता लक्ष्मी भी प्रसन्न होती हैं तथा जातक को सुख, वैभव और सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है।
घर में झाड़ू रखने का सही तरीका क्या है
घर या ऑफिस में झाड़ू का उपयोग होने के बाद उसे नजरों के सामने से हटाकर रख देना चाहिए। झाड़ू का पूरे समय दिखाई देना अच्छा नहीं माना जाता है। झाड़ू को घर में कभी भी खड़ा करके नहीं रखना चाहिए। झाड़ू को हमेशा जमीन पर लिटाकर रखना चाहिए। झाड़ू पर कभी भी पैर नहीं रखना चाहिए। इससे घर में दरिद्रता आ सकती है।
झाड़ू रखने की सही दिशा
वास्तु शास्त्र के अनुसार झाड़ू को घर की उत्तर-पश्चिम या पश्चिम कोने में रखना चाहिए। ऐसा करने से घर में सुख-शांति के साथ-साथ समृद्धि भी आती है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार झाडू को कभी भी घर की उत्तर-पूर्व या दक्षिण-पूर्व दिशा या पूजा कक्ष में नहीं रखना चाहिए। इससे वास्तु दोष बढ़ सकता है और व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक कष्ट झेलने पड़ सकते हैं।
झाड़ू कब खरीदना चाहिए
हिंदू धर्म के अनुसार झाड़ू खरीदने के लिए अमावस्या, मंगलवार, शनिवार और रविवार का दिन सबसे अच्छा माना गया है। वहीं, सोमवार और शुक्ल पक्ष की तिथि के दौरान झाड़ू खरीदना अशुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन झाड़ू खरीदने से व्यक्ति को आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ सकता है।
