Famous Shree Ram Temples in India: कल यानी की 30 मार्च के दिन सनातन धर्म के पालक और राम भक्त, राम लला के जन्म के मनोरम क्षण को बड़े हर्ष और उल्लास से मनाएंगे। हर साल चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर राम नवमी का त्योहार मनाया जाता है। इसी दिन अयोध्या के राजा दशरथ के घर माता कौशल्या की कोख से प्रभु श्री राम का जन्म हुआ था। संसार का उद्धार एवं रावण जैसे असुरों पर जीत हासिल करने के उद्देश्य से भगवान विष्णु धरती पर श्री राम के रूप में सातवां अवतार धारण किया था।
सनातन धर्म में भगवान श्री राम की लीला, सादगी, न्याय, धैर्य और परोपकारी व्यवहार का गहरा महत्व है। राम नवमी के अवसर पर पूजन-अर्चन, व्रत, कथा, अभिषेक तथा नदी में स्नान करने से विशेष लाभ मिलते हैं। वहीं राम नवमी के पावन अवसर पर अगर प्रभु श्री राम के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो इससे बेहतर आखिर क्या ही हो सकता है। अगर आप भी राम नवमी 2023 के पर्व पर भगवान श्री राम के दिव्य दर्शन कर प्रभु के चरणों में शीष नमन कर विशेष लाभ आदि पाना चाहते हैं, तो देश के इन प्रमुख मंदिरों की यात्रा जरूर करें -
भारत के प्रमुख राम मंदिर
अयोध्या राम मंदिर, उत्तर प्रदेशराम लला के जन्म स्थल के रूप में मशहूर अयोध्या का राम मंदिर हिंदू धर्म में गहरा महत्व रखता है। बहुत विवाद के बाद राम जन्म भूमि पर सर्यू नदी के किनारे श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। हर साल राम नवमी के उपलक्ष पर अयोध्या में दीपोत्सव जैसा माहौल होता है। अयोध्या के राम मंदिर जाने से विशेष लाभ की प्राप्ति होती है।
त्रिप्रयार श्री राम मंदिर, केरल
साउथ इंडिया के त्रिशुर जिले में स्थित त्रिप्रयार श्री राम मंदिर में आप राम दर्शन कर अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की नई ज्योत जला सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार त्रिप्रयार राम मंदिर में विराजमान प्रभु श्री राम की प्रतिमा को स्वयं श्री कृष्णा ने विष्णु भगवान के अवतार के रूप में पूजा था। उसी प्रतिमा को बाद में वक्कयिल कईमल नाम के राजा ने त्रिप्रयार के मंदिर में स्थापित कर दिया था।
कालाराम मंदिर, महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के नासिक शहर के पंचवटी क्षेत्र में स्थित भगवान श्री राम को समर्पित कालाराम मंदिर के दर्शन कर प्राणी मात्र के दुखों का निवारण हो जाता है। देश के इस खास राम मंदिर में 2 फीट ऊंची राम भगवान की प्रतिमा स्थापित है, जिसका रंग काला है। प्रभु श्री राम के साथ साथ मंदिर में माता सीता और भगवान लक्ष्मण की प्रतिमा का भी पूजन किया जाता है। इस प्रतिमा के साक्षात गोदावरी नदी के उत्पन्न होने की कई कथाएं हैं।
राम राजा मंदिर, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के ओरछा में स्थित ये राम मंदिर सनातन धर्म में बहुत ही खास महत्व रखता है। देश भर में ये इकलौता ऐसा मंदिर है, जहां पर श्री राम को भगवान के रूप में नहीं बल्कि राजा के रूप में पूजा जाता है। राम जी का ये खास मंदिर महल की स्टाइल में बनाया गया है, साथ ही इसका मंदिर देश के प्रमुख और सिद्ध राम मंदिरों की लिस्ट में शामिल है।
श्री राम तीर्थ मंदिर, अमृतसर
वनवास काटने और लंका से वापसी करने के पश्चात जब माता सीता को देश निकाला दे दिया गया था। तब महर्षि वाल्मीकि द्वारा सीता मैया को श्री राम तीर्थ में ही पनाह दी गई थी। साथ ही यही वो जगह थी जहां उन्होंने श्री राम की संतान लव-कुश को जन्म दिया था। अमृतसर के श्री राम तीर्थ मंदिर में ही राम-सीता के जुड़वा बच्चों और प्रभु श्री राम की सेना के बीच में जंग हुई थी।
