Bageshwar Baba: गुरुवार को दिल्ली की सड़कों पर भक्ति और आस्था का अलग ही रंग देखने को मिला। बागेश्वर धाम सरकार के स्वागत में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कोई भगवा ध्वज लहराता दिखाई दिया तो कोई मोबाइल फोन में इस पल को कैद करता नजर आया। पूरे रास्ते 'जय श्रीराम' और 'जय बागेश्वर धाम' के जयघोष सुनाई देते रहे।
बागेश्वर धाम के आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस आयोजन की तस्वीरें शेयर की गई हैं। पोस्ट में इसे दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब बताया गया। तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी आयोजन की चर्चा हो रही है।
बागेश्वर धाम सरकार की एक झलक पाने को जुटी भीड़
तस्वीरों में सड़क पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। आसपास की बालकनी और दूसरी ऊंची जगहों पर भी लोग खड़े दिखाई दिए। हर कोई बागेश्वर धाम सरकार की एक झलक पाने के लिए उत्सुक था।
भीड़ में युवाओं की मौजूदगी खास तौर पर ध्यान खींचती है। कई लोग हाथ उठाकर जयकारे लगा रहे थे। कुछ श्रद्धालुओं के माथे पर तिलक था तो कुछ भगवा ध्वज लेकर पहुंचे थे। सामूहिक जयकारों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कौन हैं बागेश्वर बाबा
बागेश्वर बाबा के नाम से लोकप्रिय पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर हैं। बागेश्वर धाम भगवान हनुमान के स्वरूप बालाजी को समर्पित एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा और हनुमंत कथा के माध्यम से सनातन धर्म से जुड़े विचार लोगों तक पहुंचाते हैं।
वे देश के अलग-अलग शहरों में कथा और धार्मिक कार्यक्रम करते हैं। उनके दरबार और आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रवचन और वक्तव्य अक्सर चर्चा में रहते हैं।
