Chaitra Purnima 2026 Par Kya Upay Kare चैत्र पूर्णिमा के उपाय (What remedies should be done on Chaitra Purnima) : हिंदू धर्म में चैत्र पूर्णिमा को बहुत ही पवित्र और फलदायी तिथि माना जाता है। वर्ष 2026 में यह 2 अप्रैल को पड़ रही है। इस दिन स्नान, दान और पूजा के साथ कुछ विशेष उपाय करने से धन-समृद्धि, सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर इस दिन सही समय पर और विधि से उपाय किए जाएं, तो जीवन की आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। आइए जानते हैं कि चैत्र पूर्णिमा तिथि पर क्या उपाय किए जा सकते हैं।
ब्रह्म मुहूर्त में स्नान और सत्यनारायण पूजा
2 अप्रैल को सुबह 4 बजकर 38 मिनट से 5 बजकर 24 मिनट तक ब्रह्म मुहूर्त रहेगा। इस समय स्नान करना बहुत शुभ माना जाता है। स्नान के बाद भगवान विष्णु के सत्यनारायण रूप की पूजा करें और कथा सुनें या पढ़ें। यह उपाय जीवन में स्थिरता और समृद्धि लाने में मदद करता है।
चैत्र पूर्णिमा के दिन लक्ष्मी जी और भगवान विष्णु की संयुक्त पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है। इसके साथ लाल या गुलाबी फूल, धूप-दीप और प्रसाद अर्पित करें। देवी के मंत्र ‘ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं श्री सिद्ध लक्ष्म्यै नमः’ का जाप करें।यह उपाय धन प्राप्ति के रास्ते खोलता है और घर में सुख-समृद्धि बनाए रखता है।
ईशान कोण में दीपक जलाएं
शाम के समय घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में गाय के घी का दीपक जलाना बहुत शुभ माना गया है। इस दौरान लक्ष्मी-नारायण की पूजा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आर्थिक तंगी दूर होने लगती है।
तुलसी के पास जलाएं दीपक
चैत्र पूर्णिमा की शाम तुलसी के पौधे के नीचे घी का दीपक जलाना बेहद लाभकारी माना जाता है।यह उपाय घर की नकारात्मकता को दूर करता है और धन-समृद्धि को आकर्षित करता है। नियमित रूप से यह उपाय करने से आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलता है।
चंद्रमा को दूध-मिश्री से अर्घ्य दें
पूर्णिमा की रात चंद्रमा को अर्घ्य देना बहुत शुभ होता है। आप कच्चे दूध में मिश्री या चीनी मिलाकर चंद्रमा को अर्पित करें और ‘ॐ सोम सोमाय नमः’ मंत्र का जाप करें। यह उपाय मानसिक शांति देता है और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है।
दान-पुण्य का है विशेष महत्व
इस दिन सफेद वस्तुओं जैसे चावल, चीनी, दूध या वस्त्र का दान करना बहुत शुभ माना जाता है। जरूरतमंद लोगों को अन्न दान करना महादान के समान माना गया है। इससे पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन की परेशानियां कम होती हैं।
हनुमान जी की पूजा भी करें
इस दिन हनुमान जयंती भी मनाई जाती है, इसलिए हनुमान जी की पूजा करना भी शुभ रहेगा। हनुमान जी को चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर चोला चढ़ाएं और हनुमान चालीसा का पाठ करें। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और साहस व आत्मविश्वास बढ़ता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
