अध्यात्म

Banke Bihari Mandir: 500 किलो फूलों से सजेगा बांके बिहारी का फूल बंगला, जगमोहन में विराजेंगे ठाकुर जी, नोट करें गर्मी में मंद‍िर दर्शन का समय

Banke Bihari Mandir Phool Bangla and Summer Timings: कामदा एकादशी से बांके बिहारी मंद‍िर में दर्शन का समय बदल गया है। यहां आप इसकी जानकारी ले सकते हैं। इसी के साथ ही अब से लेकर हरयाली तीज तक ठाकुर जी के ल‍िए फूल बंगला भी सजाया जाएगा। इसके ल‍िए एक बार में 500 किलो फूलों का प्रयोग किया जाता है। देखें अध‍िक जानकारी।

Image

Banki Bihari Phool Bangla

Banke Bihari Mandir Phool Bangla and Summer Timings: आज से यानी चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि‍ से बांके बिहारी मंदिर में भक्‍तों को दो बड़े बदलाव मिलेंगे। एक तो ये कि अब से लेकर हरियाली तीज तक ठाकुर जी के दर्शन फूल बंगले में होंगे। उनके एक बार के बंगले को बनाने के लिए 500 किलो फूलों का प्रयोग किया जाएगा। वहीं गर्मी में बांके बिहारी मंदिर के दर्शन का समय भी बदल गया है।

कामदा एकादशी से बांके बिहारी का फूल बंगला

8 अप्रैल से बांके बिहारी मंदिर में सुबह और शाम को फूल बंगला सजेगा। यह प्रक्र‍िया चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि यानी कामदा एकादशी से शुरू होती है। इस दिन से ठाकुर जी मंदिर के गर्भ गृह से बाहर निकलकर जगमोहन में विराजते हैं और यहीं से भक्‍तों को दर्शन देते हैं। फूल बंगला की रीति और दर्शन की ये प्रीत हरियाली तीज तक निभाई जाएगी। 2025 में फूल बंगला और जगमोहन में दिव्य दर्शन का सिलसिला 8 अप्रैल से शुरू होकर श्रावण मास की हरियाली तीज यानी 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान रंग-बिरंगे विभिन्न किस्म के खूबसूरत फूलों की महक के बीच ठाकुर जी भक्‍तों को दर्शन देंगे।

Banke Bihari Phool Bangla Photo, Image

Banke Bihari Phool Bangla Photo, Image

500 किलो फूलों से बनता है बांके बिहारी का फूल बंगला

गर्मी के मौसम में बांकेबिहारी जी को शीतलता प्रदान करने के लिए फूल बंगला बनाने की परंपरा है। फूल बंगला सजाने की शुरुआत स्वामी हरिदास जी ने ही की थी। बांके बिहारी मंदिर में एक समय के फूल बंगले को बनाने के लिए करीब 500 किलो फूलों का उपयोग किया जाता है। इसमें कई कुंतल देसी व विदेशी फूलों का प्रयोग होता है। अनुमान के मुताबिक सुबह और शाम में बनने वाले फूल बंगलों में कुल 1000 किलो से भी ज्‍यादा फूलों का इस्तेमाल किया जाता है। एक बार फूल बंगला बनाने का खर्च करीब 5 लाख रुपये आता है। वहीं मंदिर में फूल बंगले की सेवा देने के लिए करीब 2 साल तक का इंतजार करना पड़ जाता है।

Banke Bihari Mandir Summer Timings

Banke Bihari Mandir Summer Timings

बांके बिहारी मंदिर का समय गर्मियों में

ऋतु के अनुसार, ठाकुर जी की सेवा का विधि-विधान बदल जाता है। वहीं मंदिर दर्शन का समय भी बदल जाता है। अब से बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी के गीष्मकालीन दर्शन का समय सुबह 07:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और शाम को 05:30 बजे से रात 9:00 बजे तक होगा।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article