Sawan 2022 Plant At Home: सावन का महीना भगवान शिव को सबसे ज्यादा प्रिय है। सावन का महीना शिव भक्तों के लिए भी सबसे खास महीना होता है। इस साल हिंदू पंचांग के अनुसार सावन का महीना 14 जुलाई से शुरू हो रहा है जो 12 अगस्त तक चलेगा। इस साल सावन के महीने में चार सोमवार पड़ रहे हैं। यह चारों सोमवार काफी शुभ है। हिंदू धर्म में मान्यता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की विधि विधान से पूजा करने पर भगवान शिव हर मनोकामना पूरी करते हैं। सावन के महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है। इसके अलावा इस दिन भगवान शिव के प्रिय पौधों को घर में लगाने से भगवान शिव की विशेष कृपा बनी रहती हैं। इन पौधों को लगाने के साथ-साथ इनकी सही दिशा के बारे में जानना भी बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं उन पौधों के बारे में जो भगवान शिव को सबसे ज्यादा प्रिय हैं व इनको घर में किस तरह से लगाना शुभ होता है।
भगवान शिव को प्रिय है धतूरा
भगवान शिव को धतूरे का पौधा काफी प्रिय होता है। भगवान शिव की पूजा करते वक्त धतूरा चढ़ाना शुभ भी माना जाता है। ऐसे में सावन के महीने में घर पर काला धतूरे का पौधा लगाना काफी अच्छा माना जाता है। अगर आप सावन के महीने में घर में धतूरे का पौधा लगा रहे हैं तो मंगलवार या रविवार के दिन इसे लगाएं। यह दिन उत्तम माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक धतूरे का पौधा घर पर लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है व घर में धन की वृद्धि होती है।
शमी का पेड़ लगाना होता है शुभ
शमी का पेड़ भी काफी शुभ होता है। शमी के पत्र भगवान शिव को सावन के महीने में जरूर चढ़ाया जाता है। इसे घर पर लगाना भी शुभ माना जाता है। अगर आप सावन के महीने में इसके पौधे को घर पर लगा रहे हैं तो उत्तर दिशा में शनिवार के दिन लगाएं। इसे लगाने से शनि दोष खत्म होता है।
चंपा का पौधा लाता है सौभाग्य
घर में चंपा का पौधा लगाना बेहद अच्छा माना जाता है। चंपा का पौधा सौभाग्य का प्रतीक है। इसे पूजा करते वक्त भी भगवान शिव को जरूर अर्पित करना चाहिए। इसे घर पर लगाने के लिए उत्तर पश्चिम दिशा का चयन करना चाहिए। घर पर इसे लगाने से परिवार के सदस्यों के बीच मनमुटाव खत्म होता है।
बेलपत्र का पौधा होता है पवित्र
बेलपत्र का पौधा भगवान शिव व मां लक्ष्मी दोनों को काफी प्रिय होते हैं। बेलपत्र का पौधा घर में लगाने से कभी भी धन की कमी नहीं होती है। यह पौधा सबसे पवित्र माना जाता है। इसे घर पर किसी भी दिन व किसी भी जगह लगाया जा सकता है।
केले के पेड़ के साथ लगाए तुलसी का पौधा
केले के पत्तों का इस्तेमाल हिंदू धर्म कि हर शुभ कार्यों में किया जाता है। सावन के महीने में केले का पेड़ लगाना अच्छा माना जाता है। केले का पेड़ घर के सामने न लगाकर इसे घर के पीछे की तरफ लगाना शुभ माना जाता है। केले के पेड़ की साथ तुलसी का पौधा बगल में जरूर लगाएं। ऐसा करने से भगवान शिव की विशेष कृपा बनी रहती हैं।
(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)

