अध्यात्म

Aaj Ka Rashifal: जन्माष्टमी के दिन इन 5 राशियों पर बरसेगी भगवान कृष्ण की कृपा, पढ़ें आज का राशिफल

Aaj Ka Rashifal (4 September 2026): आज 4 सितंबर 2026, शुक्रवार के दिन भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव (जन्माष्टमी) मनाया जा रहा है। आज का दिन कुछ राशियों के लिए बेहद खास रहने वाला है। आइए जानते हैं मेष से लेकर मीन तक सभी 12 राशियों का आज का राशिफल विस्तार से...

Image

आज का राशिफल (4 सितंबर 2026)

Aaj Ka Rashifal (4 September 2026): आज परम ब्रह्म परमात्मा भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण दिवस है। देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान कृष्ण का जीवन केवल प्रेम और भक्ति का संदेश नहीं देता, बल्कि राजनीति, दर्शन, युद्धनीति, न्याय और धर्म की स्थापना से जुड़े अनेक गूढ़ सिद्धांत भी सिखाता है। कुरुक्षेत्र में अर्जुन को दिया गया श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश आज भी मनुष्य को कर्म, धर्म और समर्पण का मार्ग दिखाता है।

जन्माष्टमी का यह पर्व आध्यात्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि नियमित पूजा, भगवान के नाम का जाप, संकीर्तन, दान, तीर्थ, गंगा स्नान और माता-पिता की सेवा जैसे पुण्य कर्म जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाते हैं। कर्मफल की दृष्टि से प्रारब्ध, संचित और वर्तमान कर्मों का अपना महत्व है। ऐसे में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिन भक्ति और सेवा के माध्यम से शुभ कर्मों का संकल्प लेना विशेष फलदायी माना जाता है।

आज चंद्रमा वृषभ राशि में और शुक्र तुला राशि में परिवर्तन कर चुके हैं, जबकि अन्य ग्रहों की स्थितियां पूर्ववत हैं। ग्रहों की इन्हीं स्थितियों का प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग देखने को मिल सकता है। पढ़ें आज का राशिफल (Today Horoscope) विस्तार से...

मेष राशि: नौकरी और कारोबार में आगे बढ़ने का अवसर

जन्माष्टमी के दिन चंद्रमा आपके द्वितीय भाव और गुरु चतुर्थ भाव में गोचर कर रहे हैं। शनि का द्वादश भाव में होना कारोबार में प्रगति के अवसर बना सकता है। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए दिन सफलता देने वाला रह सकता है। नौकरीपेशा लोगों को भी प्रगति के संकेत मिल रहे हैं। आईटी, बैंकिंग और मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोग यदि नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं तो प्रयास कर सकते हैं। धार्मिक यात्रा या परिवार में किसी धार्मिक अनुष्ठान की संभावना बन सकती है। युवा प्रेम संबंधों को लेकर प्रसन्न रहेंगे।

उपाय: भगवान श्रीकृष्ण की उपासना करें।

शुभ रंग: पीला, नारंगी | शुभ अंक: 01, 02 | भाग्य: 65%

वृषभ राशि: नई नौकरी के अवसर, तनाव से रहें सावधान

चंद्रमा आपकी राशि में ही गोचर कर रहे हैं। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं। सूर्य और बुध का चतुर्थ भाव में होना कार्यक्षेत्र में सकारात्मक परिणाम दे सकता है। हालांकि कार्यों की अधिकता के कारण तनाव बढ़ सकता है। ऑफिस में राहु और चंद्रमा की स्थिति विवाद की परिस्थिति बना सकती है, इसलिए वाणी पर संयम रखना बेहद जरूरी होगा। वित्तीय क्षेत्र से जुड़े लोगों को किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में सफलता मिल सकती है।

उपाय: श्रीसूक्त का पाठ करें और उड़द का दान करें।

शुभ अंक: 03, 09 | भाग्य: 65%

मिथुन राशि: नई डील और जिम्मेदारी से खुलेगी सफलता की राह

जन्माष्टमी पर शुक्र का पंचम भाव में आना प्रेम और रचनात्मकता के लिए शुभ संकेत दे रहा है। आज नई बिजनेस डील के लिए समय महत्वपूर्ण रह सकता है। नौकरीपेशा लोगों को कोई नया उत्तरदायित्व या प्रोजेक्ट मिल सकता है। काफी समय से अटका हुआ कोई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य पूरा होने की संभावना है। स्वास्थ्य को लेकर संतोष रहेगा। प्रेम जीवन में भी सकारात्मकता बनी रहेगी, हालांकि अत्यधिक भावुकता से बचना बेहतर होगा।

उपाय: श्री कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें और अन्न का दान करें।

शुभ रंग: हरा, सफेद | शुभ अंक: 05, 07 | भाग्य: 65%

कर्क राशि: मेहनत से भविष्य होगा बेहतर

गुरु आपकी राशि में शुभ प्रभाव दे रहे हैं। चंद्रमा का एकादश भाव में होना कारोबार और लाभ के लिहाज से अच्छा संकेत है। हालांकि नए कामों में लगातार प्रयास के बावजूद अपेक्षित सफलता मिलने में थोड़ी देरी हो सकती है। नौकरी में उच्चाधिकारियों का सहयोग पाने के लिए अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें। प्रेम जीवन सुखद रहेगा और स्वास्थ्य भी सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है।

उपाय: श्री कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें और गाय को गुड़ खिलाएं।

शुभ रंग: सफेद, नारंगी | शुभ अंक: 05, 07 | भाग्य: 75%

सिंह राशि: करियर में प्रगति, अधिकारियों का साथ

जन्माष्टमी पर राशि स्वामी सूर्य आपकी राशि में स्थित हैं। शुक्र का तृतीय भाव में होना आर्थिक मामलों में प्रगति का संकेत दे रहा है। नौकरी में विशेष उपलब्धि मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। चंद्रमा का दशम भाव में होना कारोबार में कोई नया कार्य या जिम्मेदारी दे सकता है। उच्चाधिकारियों का सहयोग मिलेगा। प्रेम जीवन बेहतर रहेगा, लेकिन क्रोध और अत्यधिक भावुकता से बचना जरूरी होगा। पिता का आशीर्वाद लेना आपके लिए शुभ रहेगा।

उपाय: श्री अरण्यकांड का पाठ करें और गुड़-गेहूं का दान करें।

शुभ रंग: पीला, लाल | शुभ अंक: 03, 09 | भाग्य: 60%

कन्या राशि: विद्यार्थियों को सफलता के संकेत

चंद्रमा भाग्य भाव में गोचर कर रहे हैं और शुक्र द्वितीय भाव में रहकर आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं। धन प्राप्ति के नए अवसर मिल सकते हैं। कार्यों के प्रति आपका समर्पण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बनेगा। प्रेम संबंधों में भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा है। नौकरी में सहकर्मियों का भरपूर सहयोग मिल सकता है और स्वास्थ्य भी बेहतर रहने की उम्मीद है।

उपाय: बटुक भैरव स्तोत्र का पाठ करें और गुड़ का दान करें।

शुभ रंग: हरा, नीला | शुभ अंक: 05, 08 | भाग्य: 75%

तुला राशि: करियर में भाग्योदय, खर्च पर रखें नियंत्रण

राशि स्वामी शुक्र का आपकी ही राशि में होना विशेष महत्व रखता है। दशम भाव में गुरु करियर और कारोबार के लिए बेहद शुभ संकेत दे रहे हैं। वित्तीय और प्रबंधकीय क्षेत्र से जुड़े लोगों को विशेष प्रगति मिल सकती है। नौकरी आकर्षक अवसरों से भरी रह सकती है। प्रेम जीवन अच्छा रहेगा, लेकिन अत्यधिक दैहिक आकर्षण से बचना उचित होगा। यात्रा मन को तनाव से राहत दे सकती है। हालांकि अनावश्यक खर्च आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है।

उपाय: सात अन्न का दान करें और पिता का चरण स्पर्श करके घर से निकलें।

शुभ रंग: नीला, बैंगनी | शुभ अंक: 05, 07 | भाग्य: 70%

वृश्चिक राशि: प्रमोशन की चिंता होगी दूर, कारोबार में लाभ

चंद्रमा सप्तम भाव में और शुक्र द्वादश भाव में गोचर कर रहे हैं। नौकरी में प्रगति को लेकर लंबे समय से चली आ रही चिंताओं का समाधान मिल सकता है। मित्रों का सहयोग भी लाभकारी रहेगा। प्रेम जीवन बेहतर होगा और स्वास्थ्य सुखद रहने की संभावना है। मंगल और चंद्रमा की स्थिति रियल एस्टेट से जुड़े लोगों के लिए लाभ के अवसर बना सकती है।

उपाय: माता दुर्गा के मंदिर जाएं और एक परिक्रमा करें।

शुभ रंग: लाल, नारंगी | शुभ अंक: 02, 09 | भाग्य: 75%

धनु राशि: नौकरी-कारोबार में सफलता, स्वास्थ्य पर रखें नजर

राशि स्वामी गुरु अष्टम भाव में हैं, जबकि चंद्रमा षष्ठम और शनि चतुर्थ भाव में रहकर आपका साथ दे रहे हैं। कारोबार में नए प्रोजेक्ट शुरू करने का प्रयास सफल हो सकता है। नौकरी और व्यवसाय दोनों में सकारात्मक परिणाम मिलने के संकेत हैं। प्रेम जीवन को लेकर संतुष्टि रहेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन कफ से जुड़ी परेशानियों को लेकर सावधानी बरतना बेहतर होगा।

उपाय: भगवान श्रीकृष्ण की उपासना करें।

शुभ रंग: नारंगी, पीला | शुभ अंक: 01, 03 | भाग्य: 75%

मकर राशि: बड़े प्रोजेक्ट की उम्मीद

शनि तृतीय और चंद्रमा पंचम भाव में हैं। गुरु का कर्क राशि में होना विद्यार्थियों के करियर के लिए प्रगति के संकेत दे रहा है। नौकरी में नए पद या अनुबंध को लेकर थोड़ा तनाव रह सकता है, लेकिन बड़े व्यावसायिक प्रोजेक्ट मिलने की उम्मीद है। आपकी रचनात्मक सोच आपको आगे बढ़ाएगी। वाहन खरीदने का विचार बन सकता है। यात्रा की योजना भी बन सकती है। इस दौरान वाणी पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा।

उपाय: श्रीसूक्त का पाठ करें और सात अन्न का दान करें।

शुभ रंग: नीला, सफेद | शुभ अंक: 05, 08 | भाग्य: 70%

कुंभ राशि: आर्थिक स्थिति होगी मजबूत

द्वितीय भाव में शनि और चतुर्थ भाव में चंद्रमा परिवार और आर्थिक मामलों में सहयोग देने वाले हैं। शुक्र का नवम भाव में गोचर भाग्य का साथ दिला सकता है। नौकरी और कारोबार में गुरु-चंद्रमा की स्थिति लाभ के संकेत दे रही है। बड़ा बिजनेस प्रोजेक्ट मिलने पर उसे छोटे-छोटे चरणों में पूरा करना आपके लिए बेहतर रहेगा। नौकरी बदलने को लेकर मन में असमंजस रह सकता है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और प्रेम जीवन भी सुखद रहेगा।

उपाय: हनुमान बाहुक का पाठ करें और फलों का दान करें।

शुभ रंग: नीला, हरा | शुभ अंक: 04, 08 | भाग्य: 75%

मीन राशि: प्रमोशन की उम्मीद जगेगी, आर्थिक स्थिति में सुधार

चंद्रमा तृतीय भाव में गोचर कर रहे हैं और शनि आपकी राशि में स्थित हैं। गुरु और चंद्रमा का प्रभाव नौकरी और कारोबार में प्रगति के अवसर बना रहा है। लंबे समय से रुके प्रमोशन से जुड़ी बात सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकती है। शुक्र और बुध की स्थिति आर्थिक मामलों में योगदान देगी। स्वास्थ्य को लेकर राहत रहेगी, हालांकि प्रेम जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव संभव हैं। धार्मिक यात्रा की योजना भी बन सकती है।

उपाय: श्री कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें और गुड़ का दान करें।

शुभ रंग: नारंगी, लाल | शुभ अंक: 05, 08 | भाग्य: 80%

जन्माष्टमी के विशेष उपाय

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि अपने भीतर भक्ति, प्रेम, धर्म और सकारात्मक कर्मों को मजबूत करने का अवसर भी है। इस दिन भगवान गोविंद के नाम का जाप करें, संकीर्तन करें, व्रत-पूजन करें और जरूरतमंदों की सेवा व दान का संकल्प लें। भगवान श्रीकृष्ण का संदेश स्पष्ट है कि कर्म करते रहें और उसके फल को ईश्वर पर छोड़ दें। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इसी भावना के साथ कृष्ण भक्ति में लीन होकर अपने जीवन को सार्थक बनाने का प्रयास करें।

Sujeet jee Maharaj
सुजीत जी महाराजauthor

सुजीत जी महाराज ज्योतिष और वास्तु विज्ञान एक्सपर्ट हैं जिन्हें 20 वर्षों का ज्योतिष, तंत्र विज्ञान का अनुभव हासिल हैं। 25000 से ऊपर लेख देश के कई बड़े पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं और कई बड़े पुरस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं जिसमें ,एक अमेरिका के संस्था से भी प्राप्त है। यह गणित के साथ फलित ज्योतिष पर भी पकड़ रखते हैं और ज्योतिष के क्षेत्र में इन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article