आज 3 मार्च 2026 को साल का पहला चंद्र ग्रहण लग रहा है, जिसे लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं। यह ग्रहण फाल्गुन पूर्णिमा तिथि पर सिंह राशि में लगा है। इस ग्रहण का प्रभाव काफी तगड़ा माना जा रहा है जो कि बहुत उथल पुथल वाला समय लेकर आएगा। हालांकि इसी के साथ लोग ये भी जानना चाहते हैं कि आज चंद्र ग्रहण के समापन का समय क्या है, आज डिनर कर सकते हैं या नहीं, शाम को चाय पीनी है या नहीं। यहां जानें ये सारी जानकारी।
ग्रहण कब खत्म होगा
3 मार्च 2026 का चंद्र ग्रहण आज दोपहर 3:20 बजे शुरू हुआ है। इसका मध्यकाल शाम 5:04 बजे रहा, जबकि ग्रहण का समापन समय शाम 6:47 बजे होगा। यानी आज चंद्र ग्रहण शाम 6 बजकर 47 मिनट पर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। इसी के साथ ही आज के चंद्र ग्रहण का सूतक भी समाप्त हो जाएगा। हालांकि सूर्यास्त के बाद चंद्रमा के दिखाई देने की स्थिति के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर दृश्यता में थोड़ा अंतर हो सकता है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण का प्रभाव तय समय तक ही माना जाएगा।
चंद्र ग्रहण का कितने बजे तक प्रभाव रहेगा
धार्मिक दृष्टि से देखें तो ग्रहण का सूतक काल पहले ही शुरू हो चुका था। सूतक ग्रहण शुरू होने से लगभग 9 घंटे पहले लग जाता है। इसलिए सुबह से ही कई घरों में पूजा-पाठ रोक दिया गया और भोजन नहीं बनाया गया। ग्रहण का प्रभाव शाम 6:47 बजे तक रहेगा। इसके बाद स्नान, घर की शुद्धि और पूजा-पाठ की परंपरा निभाई जाती है। कई लोग ग्रहण समाप्ति के तुरंत बाद गंगाजल छिड़कते हैं और मंदिरों के कपाट भी फिर से खोल दिए जाते हैं।
ग्रहण के बाद क्या करें
ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान करना शुभ माना जाता है। इसके बाद घर की साफ-सफाई, देवी-देवताओं की पूजा और दान-पुण्य किया जाता है। कई लोग इस समय मंत्र जाप और ध्यान भी करते हैं। 3 मार्च 2026 का यह चंद्र ग्रहण एक खगोलीय घटना है, लेकिन भारतीय परंपरा में इसका धार्मिक महत्व भी गहरा है। ऐसे में आप अपनी आस्था, परिवार की परंपरा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दिनचर्या तय कर सकते हैं। ग्रहण शाम 6:47 बजे समाप्त होगा, उसके बाद सामान्य जीवनचर्या फिर से शुरू की जा सकती है।
