JSSC Recruitment 2025: झारखंड में दारोगा और इंडिया रिजर्व बटालियान में आरक्षी के पद के उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। इस भर्ती में नियुक्ति के लिए दौड़ में छूट दी गई है। अब पुरुषों को 6 मिनट में 1600 मीटर और महिलाओं को 10 मिनट में तय करनी होगी। इससे पहले पुरुषों के लिए 60 मिनट में 10 किलोमीटर औऱ महिलाओं के लिए 6 किलोमीटर की सीमा तय की गई थी। सीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में ये फैसला लिया गया और दौड़ में छूट के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
JSSC Vacancy 2025 (iStock)
बताते चलें कि राज्य सरकार ने पहले उत्पाद सिपाही पद के लिए दौड़ में भी इस तरह से बदलाव किया था। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बताया कि झारखंड राज्य पुलिस रेडियो में अवर निरीक्षक, वितंतु संवर्ग नियुक्त नियमावली, 2016 और इंडिया रिजर्व बटालियन में आरक्षी के पदों पर नियुक्ति के लिए जारी नियम में संशोधन की स्वीकृति दे दी गई है।
इसके अलावा सीएम ने आगे कहा कि हमारी कोशिश है कि अब झारखंड नए बदलाव के साथ आगे बढ़े और नई ऊंचाईयां छुए। खासतौर पर युवाओं से आग्रह करते हुए उन्होंने बताया कि वे अपनी सृजनशीलता, ज्ञान, ऊर्जा के साथ-साथ राज्य के समग्र विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्य के 25 साल के मौके पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर जगह कार्यक्रम हो भी रहा है। ऐसे में सभी को मिलकर झारखंड को सजाने और संवारने का काम करना होगा।
