Hanumangarh Accident: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, संगरिया रोड पर मानकसर के पास एक बस बाइक को बचाने के फेर में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर पहुंचीं एम्बुलेंस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। क्रेन बुलवाकर बस को किनारे किया गया और घायलों को एंबुलेंसोंं की मदद से नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बस पलटने के कारण सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा अचानक सामने आई बाइक को बचाने के दौरान हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान की जा रही है।
चित्तौड़गढ़ में भी हुआ हादसा
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में भी एक गंभीर हादसा हो गया। कोटा-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर रविवार रात एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि चारों लोग एक घायल दंपति की मदद कर रहे थे तभी एक कार ने उन्हें कुचल दिया। यह घटना चित्तौड़गढ़ के बेगूं इलाके में माडना के पास हुई। दंपति शंभूलाल और काली बाई एक वाहन की टक्कर लगने के कारण जमीन पर गिर गए थे और जब पास के ढाबे में मौजूद स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए दौड़े तो चित्तौड़गढ़ से आ रही एक कार ने उन लोगों को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि इस बीच पीछे से आ रही एक अन्य कार पहली कार से टकरा गई, जिससे वह पलट गई। पुलिस ने बताया कि हेमराज गुर्जर (35) एवं राजेश मीणा (29) की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य फोरूलाल गुर्जर (33) एवं सोनू गुर्जर (40) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
