बाजार में आसानी से मिलने वाले वॉटरप्रूफ बैग और मोबाइल केस होली के दौरान बेहद काम के साबित हो सकते हैं। ये आपके फोन को पानी और रंग से बचाने में मदद करते हैं। इन्हें आप जेब में रख सकते हैं या गले में टांग सकते हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर फोन आसानी से इस्तेमाल किया जा सके। अलग-अलग साइज में उपलब्ध ये केस लगभग हर स्मार्टफोन के लिए उपयुक्त होते हैं।
अगर आप महंगा स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं और उसे नुकसान से बचाना चाहते हैं, तो होली खेलते समय पुराना या स्पेयर फोन इस्तेमाल करें। इससे आपके मुख्य डिवाइस को जोखिम से बचाया जा सकता है। साथ ही, कोशिश करें कि एक से ज्यादा डिवाइस साथ न रखें और महंगे ईयरपॉड्स या ईयरफोन का उपयोग भी न करें।
आजकल बाजार में IP68 रेटिंग वाले स्मार्टफोन आसानी से उपलब्ध हैं, जो पानी की छींटों से कुछ हद तक सुरक्षित रहते हैं। अच्छी बात यह है कि अब ऐसे फोन खरीदने के लिए बहुत ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि 35,000 रुपये तक की कीमत में भी यह फीचर मिल जाता है। हालांकि, पूरी तरह पानी में डुबोने से बचना ही बेहतर है।
अगर गलती से फोन भीग जाए तो लोग अक्सर उसे सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करते हैं। यह एक बड़ी गलती हो सकती है। तेज गर्म हवा फोन के अंदरूनी पार्ट्स को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में बेहतर उपाय है कि फोन को सूखे चावल में कुछ घंटों के लिए रख दें, जिससे नमी सोख ली जाती है।
आजकल बाजार में ऐसे डू-इट-योरसेल्फ (DIY) स्प्रे भी उपलब्ध हैं, जो स्मार्टफोन पर एक पतली वॉटरप्रूफ परत बना देते हैं। सही तरीके से लगाने पर यह नैनो-कोटिंग 6 से 12 महीने तक असरदार रह सकती है। हालांकि, इसे इस्तेमाल करने से पहले निर्देशों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।