घर में पेंटिंग लगाने का शौक किसे नहीं होता। कई लोग अपने घरों की दीवारों पर तरह-तरह की तस्वीरें लगाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये तस्वीरें आपकी किस्मत भी बदल सकती हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी तस्वीरों के बारे में बताएंगे जिन्हें घर में लगाते ही आपका समय बदल जाएगा।
वास्तु शास्त्र अनुसार, घर में साथ दौड़ते हुए घोड़ों की तस्वीर लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है। कहते हैं इससे करियर में उन्नति देखने को मिलती है। इस तस्वीर को घर की दक्षिण दिशा में लगाना चाहिए।
आर्थिक संपन्नता के लिए देवी लक्ष्मी या कुबेर देवता की तस्वीर अपने घर की उत्तर दिशा में लगानी चाहिए। ध्यान रहे कि तस्वीर ऐसी होनी चाहिए जिसमें मां लक्ष्मी बैठी हुई हो और उनके हाथों से धन वर्षा हो रही हो। कहते हैं इससे व्यक्ति को पैसों की तंगी का सामना कभी नहीं करना पड़ता।
वास्तु शास्त्र अनुसार घर में तैरती हुई मछलियों की तस्वीर लगाना बेहद शुभ होता है। कहते हैं ऐसी तस्वीर घर में लगाने से परिवार के सदस्यों को लम्बी उम्र का वरदान मिलता है।
घर में सूर्योदय, पहाड़ और पानी की तस्वीर लगाना बेहद ही शुभ माना जाता है। कहते हैं उगते हुए सूरज यानी सूर्योदय की तस्वीर जीवन में नई आशा का संकेत है। ऐसे में इस तरह की तस्वीर को घर में लगाने से आप हमेशा ऊर्जावान महसूस करेंगे। वहीं बेडरूम में फूलों की तस्वीर लगाने से घर में चल रहे कलेशों से छुटकारा मिल जाता है।
घर में बहते हुए पानी की तस्वीर लगाना बेहद शुभ माना जाता है। कहते हैं घर में पानी के झरने, नदी, तालाब या फिर समुद्र की तस्वीर लगाने से भाग्य प्रबल होता है। शांत तरीके से बहता हुआ पानी सौभाग्य का प्रतीक होता है।
अगर कार्यक्षेत्र या फिर घर में बहुत ज्यादा नकारात्मकता रहती है तो फिर मेमना यानी भेड़ के बच्चे की तस्वीर जरूर लगाएं। वास्तु के अनुसार, ऐसे तस्वीर लगाने से भाग्य चमकता है और धन वृद्धि होती है।
घर में फैमिली फोटो लगाने के लिए घर की उत्तर दिशा, पूर्व दिशा और उत्तर-पूर्व दिशा शुभ मानी जाती है। वास्तु अनुसार परिवार के लोगों की प्रसन्न मुद्रा वाली फोटो घर में लगाने से परिवार के लोगों में झगड़ा नहीं होता। इससे घर का माहौल सकारात्मक बना रहता है।